शहर के मीरगंज के रेड लाइट एरिया में बृहस्पतिवार शाम को कोतवाली पुलिस ने छापा मारा। सीओ के नेतृत्व कई थानों की फोर्स के साथ दी गई दबिश के चलते बाजार में खलबली मच गई। पुलिस को देखकर भगदड़ सी मच गई। गली के मकानों के दरवाजे धड़ाधड़ गिर गए। पुलिस ने मकान में छापा मारकर एक युवक, एक महिला और तीन लड़कियों को पकड़ा है। पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
फ्रीडम फर्म नामक संस्था महिलाओं के उत्थान के लिए काम करती है। संस्था की शिकायत पर बृहस्पतिवार शाम को कोतवाली पुलिस ने मीरगंज रेड लाइट एरिया में छापा मारा। शाम लगभग चार बजे भारी पुलिस बल के गली में घुसते ही भगदड़ मच गई। गली में तफरी करने पहुंचे लोग पुलिस देखकर भागने लगे। पुलिस की दबिश के चलते गलियों के बाहर बैठी युवतियां भी गायब हो गईं और मकानों के दरवाजे बंद हो गए।
पुलिस मकान का दरवाजा खुलवाकर अंदर घुसी तो वहां एक क मरे में प्रतापगढ़ का मो.नसीम नामक शख्स, एक चालीस वर्षीय महिला और तीन लड़कियां संदिग्ध हालत में मिलीं। उन्हें पकड़कर कोतवाली थाने लाया गया। इंस्पेक्टर कोतवाली कुशलपाल सिंह यादव ने बताया कि लड़कियां राजस्थान के धौलपुर की रहने वाली है। उनका मेडिकल जांच कराकर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। पकड़े गए लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। संस्था की शिकायत पर छापा मारा गया था।