कीडगंज थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी में रविवार रात घर में घुसकर हिजड़े मुन्नी मुखन्नस (65) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मुन्नी की हत्या कर भाग रहे तीन युवकों में से एक को मोहल्ले वालों ने दौड़ाकर दबोच लिया। पकड़े गए युवक के कपड़े खून से सने हुए थे और उसके हाथ में लंबा चाकू भी था। खबर पाकर कीडगंज पुलिस मौके पर पहुंची और उसे थाने ले आई। एसपी सिटी राजेश यादव, सीओ तृतीय नीति द्विवेदी और एसओ विनोद यादव ने उससे काफी देर तक पूछताछ की। पकड़े गए युवक ने शराब पी रखी थी। पूछताछ में बताया कि वह और उसके दो दोस्त प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं। मकान खरीद के संदर्भ में ही वह बातचीत करने के लिए गए थे। बहस होने लगी तो चाकू से हिजड़े की हत्या कर दी गई।
मुन्नी मुखन्नस इंद्रपुरी कालोनी में अपने दो मंजिला मकान में 45 वर्ष से रह रहा था। वह अकेला ही रहता था और दिन में उससे मिलने चेला कल्लू कई बार आता था। मुन्नी घर पर खाना नहीं बनाता था। पड़ोस की सुशीला देवी उसे सुबह शाम खाना पहुंचाती थी। रविवार रात सात बजे के आसपास वह खाना लेकर मुन्नी के घर पहुंची। दरवाजा भीतर से बंद था। उसने कई बार दस्तक दी लेकिन दरवाजा नहीं खुला।
भीतर से कुछ लोगों की आवाज आने पर सुशीला का माथा ठनका और उन्होंने पास ही रहने वाले हिजड़े हाजी बुआ को बुला लिया। दोनों जोर जोर से दरवाजा पीटने लगे तो आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। इसी बीच दरवाजा खुला और तीन युवक तेजी से बाहर निकले। सुशीला ने युवकों का परिचय पूछा तो जवाब मिला कि वह जबलपुर से आए हैं। तीनों के कपड़े पर खून के निशान दिखने पर लोगों को शक हुआ। लोग ज्यादा पूछताछ करने लगे तो तीनों धक्का देकर इंद्रपुरी कालोनी के बगल की रेलवे लाइन की ओर भाग गए। पास ही रहने वाले वकील नवीन सिंह ने मोहल्ले के लोगों के साथ युवकों का पीछा किया। दो युवक तो लाइन पार कर भाग गए लेकिन एक उनके हत्थे चढ़ गया। पकड़े गए युवक ने नवीन सिंह पर चाकू तान दिया लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और उसे धक्का देकर गिराने के बाद दबोच लिया। मोहल्ले के लोग घर में गए तो बरामदे में खून से लथपथ मुन्नी का शव मिला। उसके गर्दन, सीने और पेट पर चाकू के गहरे घाव थे।
पुलिस ने पकड़े गए युवक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम जय सिंह कुशवाहा बताया। कहा कि वह सराय इनायत थाना क्षेत्र के चकिया का रहने वाला है। एसओ विनोद यादव के मुताबिक जय सिंह अल्लापुर के यशवंत और पप्पू के साथ मकान खरीद के संदर्भ में मुन्नी से बात करने गया था। पप्पू कहां का रहने वाला है, इस बारे में वह जानकारी नहीं दे सका।