सोरांव इलाके में हाइवे के बगल स्थित हाजीगंज और सरसा बढ़ईया गांव के लोग शनिवार दोपहर आमने-सामने आ गए। शराब के नशे में धुत कार सवार हाजीगंज के रहने वाले युवक सरसा गांव के लोगों को गाली देने लगे। सरसा गांव के लोगों ने विरोध किया तो उनके बीच मारपीट होने लगी। मारपीट की खबर दोनों गांवों के लोगों को हुई तो वे लाठी-डंडा लेकर दौड़ पड़े। दोनों गांवों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और तोड़फोड़ हुई। मारपीट दोनों गांवों के तकरीबन आधा दर्जन लोग घायल हुए। सूचना पर सोरांव पुलिस मौके पर पहुंची। तब मामला शांत हुआ।
कोखराज-हंडिया हाइवे पर सोरांव इलाके के हाजीगंज और सरसा बढ़ईया गांव अगल-बगल हैं। दोपहर में हाजीगंज के आधा दर्जन युवक कार से सरसा गांव के पास हाइवे पर पहुंचे। वहां ढाबे पर शराब पीने के बाद सरसा गांव के लोगों को गाली देने लगे। वहां मौजूद गांव के लोगों ने इसका विरोध किया। इस पर मारपीट शुरू हो गई। सरसा गांव के लोग भारी पड़े और हाजीगंज के युवकों को पीटकर लहूलुहान कर दिया। इसकी खबर हाजीगंज गांव पहुंची तो एकजुट होकर लाठी-डंडे लेकर लोग दौड़े। इसके बाद दोनों गांवों के लोगों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। आधे घंटे तक हाइवे पर बवाल चलता रहा। मारपीट और तोड़फोड़ के साथ कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मारपीट में हाजीगंज के अमन यादव, मिठाई लाल और सरसा गांव के अरुण और पप्पू समेत आधा दर्जन लोग घायल हुए। एसओ सोरांव राजेश सिंह ने बताया कि शराब के नशे में गाली गलौज करने पर दोनों गांवों के लोग भिड़े थे। अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस के पहुंचने के बाद विवाद शांत हो गया।