सिविल लाइंस में सुभाष चौराहे के पास वाणिज्य कर दफ्तर में बृहस्पतिवार रात आग लग गई। आग के चलते खंड 11 और 13 में रखे रिकार्ड राख हो गए। शुक्रवार सुबह चाय दुकानदार ने कार्यालय के अंदर से धुंआ उठते देख अफसरों और पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझा दी। तब तक कमरे रखीं फाइलें और रिकार्ड राख हो चुके थे। बताया जाता है कि व्यापारियों से जुड़ीं फाइलों को काफी नुकसान पहुंचा है। आग लगने के पीछे शार्ट सर्किट वजह बताई जाती है।
वाणिज्य कर कार्यालय प्रथम तल पर है। कार्यालय के एक कमरे में खंड 11 और 13 हैं। बृहस्पतिवार रात इसी कमरे में आग लग गई। फाइल और फर्नीचर होने के चलते आग से तेजी फैली। रात भर फाइलें, कंप्यूटर सुलगते रहे। गनीमत रही कि आग कमरे से बाहर नहीं फैली।
सुबह लगभग नौ बजे एक चाय वाला दुकान खोलने पहुंचा तो सेल्स टैक्स के अफसरों और पुलिस को खबर दी। सिविल लाइंस पुलिस भी मौके पर पहुंची। सूचना होने के कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड पहुंच गई। यहां प्रीतमनगर, हरवारा, सुलेमसराय के रजिस्टर्ड कारोबारियों की फाइलें रखी हुई थीं। खंड 11 में रखीं कुछ फाइलें जली हैं। यहां लीडर रोड के कारोबारियों की फाइलें रखी थीं। लगभग दो साल पहले इंदिरा भवन के दूसरे तल स्थित सेल्स टैक्स के दफ्तर में भीषण आग लगी थी तो हाईकोर्ट से जुड़ी फाइलें जली थीं। तब शार्ट सर्किट से आग लगी थी। जिसमें काफी नुकसान हुआ था।