शहर में बलुआघाट पेट्रोल पंप के समीप सोमवार शाम बाइक सवार जूता कारोबारी को डस्टर कार से आए युवकों ने कहासुनी के बाद गोली मार दी। गोली हेलाल असलम (23) के पेट में बायीं तरफ लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गर पड़ा। फायरिंग से इलाके में खलबली मच गई। हमलावर तमंचा लहराते हुए भाग निकले। अतरसुइया पुलिस घायल को एक निजी अस्पताल ले गई। कारोबारी की तहरीर पर करेली के गोलू और अटाला के टीपू के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर पुलिस तलाश कर रही है। बताया जाता है कि कारोबारी का हमलावरों से ईद के दिन चाय की दुकान पर विवाद हुआ था, जिसके बाद से उनके बीच खुन्नस चल रही थी।
हमलावरों से कारोबारी की थी दोस्ती
शाहगंज में अहमदगंज का हेलाल पहले सऊदी अरब में रहता था, लेकिन एक साल से मोहल्ले में जूते की दुकान खोल ली थी। उसकी करेली के गोलू और अटाला के टीपू से अच्छी दोस्ती थी। उनका रोज का मिलना-जुलना था। बताया जाता है कि ईद के दिन चाय की दुकान पर उनकी कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। तब से उनमें खुन्नस चल रही थी।
पहले बाइक से उतारा, फिर किया फायर
हेलाल सोमवार शाम अपने दोस्त अरमान के साथ पुराने यमुना पुल की ओर जा रहा था। बलुआघाट पेट्रोल पंप के पास डस्टर कार से गोलू और टीपू पहुंचे। ओवरटेक कर गोलू और टीपू ने हेलाल को रोक लिया। उसे बाइक से खींचकर नीचे उतार लिया। उनके बीच धक्कामुक्की होने लगी। हेलाल ने धक्का दिया तो गोलू जमीन पर गिर पड़ा। वह उठा और तमंचा निकालकर हेलाल को गोली मार दी। हेलाल के गिरते ही गोलू और टीपू भाग निकले। फायरिंग की सूचना पर एसओ अतरसुइया ब्रजेश यादव पहुंचे। घायल को पास के निजी अस्पताल ले गए। हेलाल के पेट में गोली और हाथ में छर्रा लगा है। एसओ ने बताया कि तीनों पहले अच्छे दोस्त थे। उनके बीच ईद पर झगड़ा हुआ था। टीपू और गोलू के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर तलाश की जा रही है।