इलाहाबाद। कैं ट इलाके में चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर नगदी समेत हजारों के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार सुबह घरवाले लौटेे तो कमरों का ताला टूटा और सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की खबर पाकर कैंट पुलिस और फील्ड यूनिट पहुंची। खोजी कुत्ता घर से निकलकर कुछ दूर सड़क पर जाने के बाद रुक गया। कैं ट पुलिस मुकदमा लिखकर चोरों की तलाश में लगी है।
कैंट में नेवादा सरकुलर रोड के रहने वाले आनंद मिश्र एक हिन्दी दैनिक में पत्रकार हैं। वह छठ पूजा परिवार समेत 13 नवंबर को गोरखपुर चले गए थे। शुक्रवार को आनंद मिश्र घर लौटे तो देखा कि मेनगेट का ताला टूटा है। अंदर जाकर देखा तीनों कमरों का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने आराम से घर के अंदर रखा एक-एक सामान खंगाला था। चोर सोने का झुमका, कान की बाली, बिछिया, पायल,डीवीडी प्लेयर और लगभग 15 हजार रुपये नगद गायब था। उन्होंने चोरी की सूचना कैंट पुलिस को दी। कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से अंगुलियों के निशान लिया। खोजी कुत्ता घर से निकलने के बाद कुछ दूर जाकर भटक गया। इंस्पेक्टर कैंट एमएम अंसारी ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।