कटरा में साइंस फैकेल्टी के सामने स्थित ग्लोबल लाइब्रेरी में कुछ लड़कों ने रंगदारी के लिए बमबाजी कर दी। घटना में वहां पढ़ाई कर रहा एक छात्र बम के छर्रों से घायल हो गया। सूचना पर एसएसपी समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। इस मामले में हिंदू हास्टल के तीन छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों की तलाश में पुलिस ने हास्टल में छापेमारी भी की लेकिन कोई मिला नहीं।
कटरा के रहने वाले प्रीति प्रकाश की साइंस फेकेल्टी के सामने ग्लोबल लाइब्रेरी है। वहां तमाम छात्र छात्राएं दिन में बैठकर अध्ययन करते हैं। शनिवार की दोपहर काउंसलर तथा अन्य कर्मचारी बैठे। छात्र छात्राएं भी वहां मौजूद थे। उसी समय दो लड़के वहां पहुंच गए। उन्होंने काउंसल विनोद कुमार का कॉलर पकड़कर कहा कि यहां पर उनके सीनियर नित्यानंद यादव से बदतमीजी हुई है। उनको धमकी दी गई है। दस मिनट के भीतर 20 हजार रुपये का इंतजाम कर दो नहीं जान से मार दिया जाएगा। उन्होंने लाइब्रेरी में ही रखे अखबार पर एक फोन नंबर लिख दिया। उनके जाने के बाद काउंसलर तथा कर्मचारियों ने आपस में बात की और थाने जाने के लिए तहरीर तैयार करने लगे। इसी बीच बाइक से दो युवक से वहां पहुंचे और बमबाजी शुरू कर दी। वहां हड़कंप मच गया। छात्र छात्राएं डर कर चीखने लगे। कुछ छात्रों ने हिम्मत की और दौड़ाकर एक हमलावर को पकड़ लिया लेकिन दूसरे हमलावर ने फिर बम पटक दिया। एक छात्र को बम के छर्रे लग गए। वह जख्मी होकर गिर पड़ा था। इससे घबराकर छात्रों ने हमलावर को छोड़ दिया। दोनों भाग निकले।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी आकाश कुलहरि, एसपी सिटी सिद्धार्थ मीणा और इंस्पेक्टर एपी सिंह समेत तमाम अधिकारी पहुंच गए। हमलावरों की तलाश में हिंदू हास्टल में दबिश भी दी गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि वहां पर एक बम मिला जो फटा नहीं था। कर्मचारी ओम प्रकाश की तहरीर पर नित्यानंद यादव, आशुतोष पाठक और सुनील यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उनकी खोजबीन की जा रही है।