यमुनापार के कोरांव इलाके में मंगलवार सुबह बेलन नहर में नहाते समय चचेरे भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई। भाई डूबने लगा तो उसे बचाने के लिए चचेरी बहन भी गहरे पानी में उतर गई लेकिन वह भी डूब गई। ग्रामीणों ने कुछ देर बाद उन्हें निकाला तो उनकी सांस थम चुक थी।
घटना क्षेेत्र के पचेड़ा गांव की है। स्व. नोहरलाल का पुत्र मोनू (6) मंगलवार सुबह चचेरी बहन 10 वर्षीय नीता पुत्री मोहनलाल के साथ घर के पास बेलन नहर में नहाने गया था। नहाते वक्त मोनू नहर की तेज धारा में बहने लगा तो उसे बचाने के लिए नीता भी गहरे पानी में गई लेकिन वह भी डूबने लगी। दोनों नहर में बहने लगे तो ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने मोनू और नीता को नहर से निकाला लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। मोनू की मां गुलाबा देवी दो बेटों संग गुजारा कर रही थी। पति के बाद बेटे की मौत ने उसे गहरा सदमा दिया है। मोनू गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था जबकि नीता कक्षा तीन छात्रा थी। खबर पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम रामशंकर, थाना प्रभारी अनुपम शर्मा, जिला पंचायत सदस्य आरती कोल तथा भाजपा के जिलामंत्री अनिल मिश्र ने गमगीन परिवार को दिलासा दी।