इलाहाबाद (ब्यूरो)। बीकॉम के एक छात्र की मंगलवार सुबह सोहबतियाबाग में रेलवे ट्रैक पर शव देख वहां भीड़ लग गई। बड़ी संख्या में छात्र भी पहुंच गए। शिनाख्त होने के बाद खबर पाकर भदोही से छात्र के परिजन आ गए। पुलिस ने शक जताया है कि छात्र ने आत्महत्या कर ली थी।
शिवम पाल (19) भदोही में रुद्रपुर गांव निवासी शिवजी पाल के दो बेटों में बड़ा था। उसने यहां सीएमपी डिग्री कॉलेज में बीकॉम में दाखिला लिया था। वह सोहबतियाबाग में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहा था। पड़ोस में रहने वाले छात्र दिनेश कुमार से उसकी दोस्ती हो गई थी। दिनेश को शिवम सोमवार को नहीं दिखा और मंगलवार को वह कोचिंग भी नहीं आया तो उसने फोन किया। कॉल रिसीव की जार्जटाउन थाने की पुलिस ने। पुलिस ने दिनेश को सोहबतियाबाग में रेलवे ट्रैक पर बुलाया। वहां शिवम का सिर और धड़ अलग पड़ा था।
इसकी जानकारी भदोही में शिवम के परिजनों को मिली तो वे रोते-कलपते आ गए। परिवार के लोगों ने बताया कि शिवम ने आखिरी बार रविवार को मां और बहन से फोन पर बात की थी। घटना पर शक जताया गया हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने अनुमान जताया है कि शिवम ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की थी। शिवम के पिता चाय की दुकान चलाते हैं। मां गीता और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। कोई भी नहीं समझ पा रहा कि ये अचानक क्या हो गया।