फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लूट की नीयत से पहुंचे बदमाशों ने तोड़ डाला एटीएम

Mon, 21 Jan 2019 01:15 AM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
ATM Robbery - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शहर के सबसे पॉश इलाकों में से एक जार्जटाउन में लूट की नीयत से पहुंचे बदमाशों ने आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम ही तोड़ डाला। यही नहीं, यहां के साथ ही अगल-बगल स्थित दो अन्य एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए। गनीमत रही कि बदमाश नगदी ले जाने में नाकाम रहे। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।  
विज्ञापन


जार्जटाउन में लाउदर रोड के आसपास का इलाका शहर के सबसे पॉश इलाकों में शामिल है। यहां कई बड़े अस्पतालों के साथ ही दर्जनों डॉक्टरों के आवास भी हैं। इसी रोड कृति स्कैनिंग सेंटर से कुछ दूरी पर आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम है। रविवार सुबह छह बजे पुलिस को सूचना मिली कि एटीएम से कैश लूटने की कोशिश हुई है और यह टूटा पड़ा है। सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया।

पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो एटीएम की हालत देख दंग रह गए। एटीएम का स्क्रीन बोर्ड उखड़ा पड़ा था। देखने से लग रहा था कि इसे पेचकस व ऐसे ही कुछ औजारों से उखाड़ा गया। इसके अलावा एटीएम केबिन में लगा सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त पड़ा था। पुलिस ने जांच पड़ताल की लेकिन कोई औजार नहीं मिला। जांच पड़ताल करते हुए पुलिस बगल में स्थित एचडीएफसी व यूबीआई के एटीएम केबिन में पहुंची तो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त मिले। घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड व फोरेंसिक टीम के साथ ही क्राइम ब्रांच को भी बुलाया गया। हालांकि कोई भी ऐसा सुराग नहीं मिला, जिससे बदमाशों का पता चल सके। जार्जटाउन पुलिस ने बताया कि एटीएम तोड़ने की कोशिश हुई है। जांच पड़ताल की जा रही है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।
विज्ञापन


जिस जगह पर यह घटना हुई, वहां से एक किमी से भी कम दूरी पर जार्जटाउन थाना है। यही नहीं दोनों ओर महज 500 मीटर की दूरी पर ही मेडिकल व बालसन चौराहे पर पुलिस पिकेट तैनात रहती है। घटना वाली रात भी यहां पुलिसकर्मी तैनात थे। इसके बावजूद एटीएम में तोड़फोड़ की भनक नहीं लगने से स्थानीय पुलिस की कार्यशैैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यह हाल तब है जब कुंभ के चलते पूरे पुलिस के साथ ही जगह-जगह सुरक्षा व्यवस्था में अर्धसैनिक बलों को भी तैनात

चोरों ने तीन-तीन एटीएम में तोड़फोड़ की लेकिन पुलिस को भनक नहीं लगी। सुबह छह बजे के करीब मुंबई में रहने वाले बैंक अफसरों ने इंस्पेक्टर को फोन पर जानकारी दी तब जाकर पुलिस की नींद टूटी। इंस्पेक्टर ने बताया कि एटीएम मशीन के भीतर अलार्म सिस्टम होता है जिससे मशीन से छेड़छाड़ पर इसकी जानकारी हेड ऑफिस में बैठे अफसरों को हो जाती है।

पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी बोलने से इंकार कर रही है लेकिन सूत्रों की मानें तो बदमाश शाम से ही आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम के आसपास मंडराने लगे थे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर यह बात सामने आई है। इसमें पांच संदिग्ध एटीएम के आसपास घूमते नजर आए हैं। इसके साथ ही जांच के दौरान ही यह भी बात सामने आई है कि बदमाशों ने 7.30 बजे के करीब सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त कर दिया था। सूत्रों का कहना है कि चूंकि बदमाश एटीएम के भीतर लगे कैमरे तक नहीं पहुंच सके, ऐसे में उनकी एक तस्वीर इस कैमरे में कैद हुईहै। हालांकि यह बहुत धुंधली है जिससे कि बदमाशों के चेहरे स्पष्ट नहीं हैं।


एटीएम तोड़ने का प्रयास किया गया है। साथ ही दो अन्य एटीएम के सीसीटीवी कैमरे भी तोड़े गए हैं। जांच पड़ताल की जा रही है।
सुकीर्ति माधव, एएसपी

जार्जटाउन में एटीएम तोड़े जाने की घटना ने पुलिस अफसरों की नींद उड़ा दी है। करीब दो महीने के भीतर जिले में एटीएम को निशाना बनाए जाने की यह तीसरी वारदात है। इससे पहले कर्नलगंज व शंकरगढ़ में एटीएम काटकर लाखों रुपयों की चोरी हो चुकी है। हाल यह है कि पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।

28 नवंबर को बेखौफ बदमाशों ने कर्नलगंज के मम्फोर्डगंज में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को निशाना बनाया था। गैस कटर से एटीएम काटकर 16.61 लाख रुपये उड़ा दिए थे। फौव्वारा चौराहे से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई इस घटना से हड़कंप मच गया था। मामले में चौकी इंचार्ज समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित भी हुए। ख्ुालासे के लिए पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

आज तक इस मामले में पुलिस एक भी क्लू हासिल नहीं कर सकी है। करीब एक महीने बाद 26 नवंबर को शंकरगढ़ के शिवराजपुर बाजार में ठीक इसी तरह एटीएम काटकर 6.42 लाख रुपये उड़ा दिए गए। पुलिस इस मामले में भी अब तक खाली हाथ है। अब जार्जटाउन में हुई घटना ने पुलिस विभाग में हड़कंप है।  इस मामले में एसएसपी नितिन तिवारी का कहना है कि कर्नलगंज व शंकरगढ़ में हुई घटनाओं में अभी कोई क्लू हासिल नहीं हो सका है। जार्जटाउन मामले में कुछ क्लू मिले हैं, जिसके आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।

एटीएम को निशाना बनाए जाने की तीनों ही घटनाएं इलाके के सबसे अहम स्थानों पर हुई। कर्नलगंज में मम्फोर्डगंज में घटना हुई जहां कमिश्नरी समेत कई अहम कार्यालय व संस्थान हैं। शंकरगढ़ में शिवराजपुर बाजार में घटना अंजाम दी गई जो प्रयागराज-बांदा हाईवे पर स्थित है। शनिवार को लाउदर रोउ स्थित एटीएम को निशाना बनाया गया जो शहर के व्यस्ततम मार्गों में से एक है। अहम स्थानों पर हुई यह घटनाएं सक्रिय पुलिसिंग के दावों की सच्चाई भी बताती हैं।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें