कर्नलगंज में प्रयाग स्टेशन के बाहर मंगलवार शाम जबरदस्त उपद्रव हुआ। यहां दो दिन पहले हुए विवाद को लेकर दुकानदार-छात्रों के एक गुट में भिड़ंत हो गई। इसके बाद कई दुकानों में तोड़फोड़ तो की ही गई, एक के बाद एक कई बम भी फोड़े गए। धमाकों से इलाका दहल उठा, साथ ही दहशत भी फैल गई। सूचना पर भारी फोर्स पहुंच गई लेकिन, तब तक उपद्रवी भाग निकले थे। दुकानदारों ने पुलिस को तहरीर दी है।
घटना सात बजे के करीब की है। पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले स्टेशन के बाहर स्थित चाय की दुकान पर कुछ युवक पहुंचे थे। यहां चाय गर्म न होने पर युवकों ने शिकायत की तो दुकानदार से उनकी नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते बात बढ़ी और दुकानदार ने कुछ साथियों के साथ मिलकर युवकों को पीट दिया। इसमें उन्हें चोटें आईं और अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार शाम घायल युवकों के साथी अचानक प्रयाग स्टेशन पहुंच गए। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले ही उन्होंने दुकानों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। सबसे पहले आकाश की दुकान पर तोड़फोड़ हुई और इसके बाद गुड्डू, घमंडी, रिंकू आदि की दुकानों को निशाना बनाया गया। विरोध पर युवकों ने बमबाजी शुरू कर दी। एक के बाद एक कई बम फोड़े, जिस पर इलाका दहल उठा। दुकानदारों के साथ ही आसपास रहने वालों में भी दहशत फैल गई। सूचना पर कर्नलगंज पुलिस पहुंची लेकिन तब आरोपी भाग चुके थे। दुकानदारों ने पुलिस को तहरीर भी दी। कर्नलगंज इंस्पेक्टर सतेन्द्र सिंह का कहना है कि किसी एक दुकानदार से वादी बनकर तहरीर देने को कहा गया है। उचित कार्रवाई की जाएगी।