ट्रैफिक चौराहे के पास विक्रम को पास न देने पर दबंगों ने बृहस्पतिवार दोपहर नवाबगंज इलाके में घेरकर सिटी बस को रोक लिया। बस चालक को लात-घूंसों से पीटने लगे। यह देखकर कंडक्टर ने विरोध किया तो उसकी धुनाई कर दी। परिचालक का बैग और टिकट मशीन छीन ली। मारपीट की घटना से बस में अफरातफरी मच गई। यात्री उतरकर भाग निकले। हमलावरों के जाने के बाद मामले की शिकायत नवाबगंज थाने में की गई। पुलिस रिपोर्ट लिखकर जांच कर रही है।
सिविल लाइंस से सिटी बस का चालक मुहम्मद आसिफ बस लेकर लालगोपालगंज के लिए चला। बृहस्पतिवार सुबह लगभग 11 बजे ट्रैफिक चौराहे के पास विक्रम को पास देने को लेकर सिटी बस के ड्राइवर और विक्रम चालक के बीच कहासुनी हुई। सिटी बस नवाबगंज में मलाक बलऊ गांव के पास पहुंची थी कि विक्रम सवार आधा दर्जन युवकों ने ओवरटेक कर सिटी बस रोक ली।
बस के रुकते ही हमलावरों ने मुहम्मद आसिफ को सीट से नीचे खींच लिया। मारपीट होते देख परिचालक प्रेम कुमार बीच बचाव करने पहुंचा तो हमलावर उस पर टूट पड़े। प्रेमकुमार को धुनाई कर लहूलुहान कर दिया। हमलावरों ने कंडक्टर का बैग जिसमें 2 हजार 50 रुपये थे, छीन लिए। बे बिल, ऑफटेक को फाड़ डाला। हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। हमलावरों के जाने के बाद घायल चालक, परिचालक बस लेकर नवाबगंज थाने पहुंचे, आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस धरणीधर का पूरा व पीथीपुर गांव के पाँच लोगों के खिलाफ गम्भीर धाराओं में मुकदमा लिखकर तफ्तीश कर रही है। घटना की जानकारी पाकर यातायात निरीक्षक जोगेन्द्र यादव, व यातायात अधीक्षक रामदास सोनकर नवाबगंज थाने पहुंचे।