बुधवार को अलग हादसों में दो छात्रों की मौत पर जिले में भारी बखेड़ा हुआ। शहर में सिविल लाइंस के एकलव्य चौराहे पर बुधवार सुबह सब्जियां लादकर जा रहे मैजिक ने रेड सिग्नल पर खड़े बाइक सवार बीएससी के छात्र अनुपम को रौंद दिया। उसकी मौत से भड़के लोगों ने मैजिक को आग के हवाले कर दिया। पुलिस और दमकल दस्ता पहुंचा तो लोगों ने दौड़ा लिया। नाराज वकीलों ने चौराहे पर चक्काजाम कर दिया।
कई बार पुलिस और वकीलों के बीच झड़प हुई। ट्रैफिक पुलिस के दो सिपाहियों और दो होमगार्ड पर कार्रवाई और ड्राइवर की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा मिलने पर शाम को वकील हटे। रामबाग मलाकराज एडीए कॉलोनी में रहने वाले निजी कंपनी के सीनियर मैनेजर कृष्ण कुमार शुक्ला के दो बेटों में बड़ा अनुपम शुक्ला (20) बीएससी दूसरे साल का छात्र था। उधर, होलागढ़ में भी स्कूल जा रहे छात्र की डंपर से कुचलकर मौत के बाद दो डंपर जलाकर पुलिस पर पथराव किया गया।
छात्र मनीष (12) कक्षा तीन में पढ़ता था। लोगों ने डंपर घेरकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। फिर उनमें आग लगा दी। एक डंपर का ड्राइवर भाग निकला जबकि दूसरे को लोगों ने दबोचकर पीट दिया। पुलिस पर लोगों ने पथराव भी किया। एसपी गंगापार शफीक अहमद, सीओ लालप्रताप सिंह, एसडीएम आलोक वर्मा ने क्षेत्र के रामानुज यादव, नेत नारायण यादव, सुबोध तिवारी, अशोक यादव आदि की मदद से लोगों को शांत कराया।
(विस्तृत खबर पेज दो पर)