पशु चुराने का विरोध करने पर पशु तस्करों ने जंघई इलाके में अलग-अलग स्थानों पर पांच पशुपालकों की हाकी व सरिया से पिटाई कर दी। जिसमें घायल पशुपालकों को इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होते देख डॉक्टरों ने स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया। उधर घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। करीब छह घंटे चले चक्काजाम के बाद कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण माने। चक्काजाम की वजह से सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जिससे यात्रियों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
इलाहाबाद-जौनपुर जनपद की सीमा से सटे जंघई इलाके में मनबढ़ पशु तस्करों ने बुधवार की रात मछलीशहर-जंघई सड़क के किनारे सो रहे पशुपालकों पर उस समय हमला कर दिया जब सड़क किनारे बंधी भैंस को पशुतस्कर लाद रहे थे और जगहट हो गई। कुछ लोगों ने शोर मचाते हुए इसका विरोध करना चाहा तो बौखलाएं पशु तस्करों ने उन पर हाकी व लोहे ही राड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिसमें गोधना निवासी बरमदेई (60) फिर अदारी गांव निवासी दयाशंकर यादव (50), महबूब (55) इसके बाद पिकअप सवार पशु तस्कर तिलौरा बाजार निवासी गोविंद गोंड (25) व अनवर अली (45) को मारपीट कर घायल कर दिया।
जिसमें चाट की दुकान लगाने वाले गरीब गोविंद गोंड की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे इलाज के लिए इलाहाबाद शहर के स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना सुबह आस पास के लोगों को हुई तो लोगों ने पशु तस्करों के खिलाफ हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची मीरगंज, पवारा, मछलीशहर, मुंगराबादशाहपुर पुलिस के साथ ही सीओ सौम्या पांडेय, एसडीएम रमापति मौके पर पहुंच। पीड़ित परिवार से बातचीत करते हुए सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ। और चक्काजाम हटाया गया। ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा पशुतस्करों के खिलाफ कार्रवाई में बरती जा रही लापरवाही के खिलाफ गहरी नाराजगी जताई है।
बहरिया थाना क्षेत्र के अतनपुर गांव के रहने वाले जीतेन्द्र कुमार पटेल बृहस्पतिवार दोपहर रजिस्ट्री करने आए थे। वे बाइक खड़ी कर जैसे ही फूलपुर डाकघर में गए अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक उड़ा दी। भुक्तभोगी ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।