इलाके के बलुहा गांव के समीप बृहस्पतिवार शाम को हाईस्कूल की छात्रा को ट्रक ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नाराज ग्रामीणों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे मेजारोड चौकी इंचार्ज ने चक्काजाम किए लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया। लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे से घर में कोहराम मचा हुआ है। करछना के मेड़रा पूरा गांव के प्यारेलाल निषाद की बेटी सीमा निषाद (14) कठौली के एक स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा थी। वह बृहस्पतिवार शाम को साइकिल से स्कूल से घर जा रही थी। वह जैसे ही बलुहा गांव के समीप पहुंची वैसे ही पीछे से गिट्टी लदे ट्रक उसे कुचलते हुए आगे निकल गया। जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। नाराज ग्रामीणों ने लाश के पास ही बैठ चक्काजाम कर दिया।
सूचना पर मौके पर पहुंचे मेजारोड चौकी इंचार्ज मनमोहन मिश्र ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया । तब चक्काजाम समाप्त हो सका। कुछ ही देर में घर के लोग भी आ गए। हादसे से सीमा की हुई मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर चीरघर भेज दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रक चालक निर्धारित मानक से कहीं ज्यादा गिट्टी लादकर निकलते हैं। जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। पुलिस प्रशासन के लोग भी इनकी मनमानी पर रोक नहीं लगा पा रहे हैं।