फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेहोशी में रेप के बाद महिला बीडीसी सदस्य को मारा था

Fri, 10 Nov 2017 01:50 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
सोरांव के कलंदरपुर गांव में तीन महीने पहले बीडीसी सदस्य संतोषी देवी और उनके पति जितेंद्र पटेल की हत्या में गिरफ्तार शिक्षक दिनेश प्रताप सिंह उर्फ दिनेश पासी से पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। उसने थप्पड़ का बदला लेने के लिए अपने साथी को बुलाकर दंपति का कत्ल किया था। हत्या से पहले बेहोशी की हालत में बीडीसी सदस्य के साथ बलात्कार भी किया था। स्कूल में कार्यरत महिला रसोइया ने शिक्षक की पोल खोली और वह पकड़ा गया।
विज्ञापन


कलंदरपुर गांव में 16 अगस्त की रात संतोषी देवी और उसके पति जितेंद्र पटेल की हत्या घर के पिछवाड़े चारपाई पर सोते वक्त कर दी गई थी। इस अज्ञात हत्याकांड में पुलिस ने कई पहलुओं पर छानबीन की, लेकिन कुछ ठोस पता नहीं चल पा रहा था। फिर मोबाइल सर्विलांस और कॉल डिटेल से शक गहराने पर पुलिस ने स्कूल की महिला रसोइया से पूछताछ की तो शिक्षक दिनेश प्रताप सिंह उर्फ दिनेश पासी मुख्य संदिग्ध बन गया। महिला विधवा है। घटना वाली रात दिनेश ने उस महिला से कई बार फोन पर बात की थी। महिला ने बताया कि उन दोनों में अवैध रिश्ता हैं। दिनेश की पत्नी उसे छोड़कर मुंबई चली गई है, इसलिए वह अक्सर उससे मिलने लगा। वह उसे बीडीसी सदस्य संतोषी देवी के घर में भी मिलने के लिए बुलाता था। एसपी क्राइम ब्रजेश मिश्र के मुताबिक, संतोषी के पति जितेंद्र से दिनेश की दोस्ती रही है। जब संतोषी मऊआइमा ब्लाक या कहीं और चली जाती तो शिक्षक दिनेश उसके घर में महिला को मिलने बुलाता था। उस रात भी उसने जमकर शराब पीने के बाद महिला को बार-बार फोनकर संतोषी के घर बुलाना चाहा मगर उसने इनकार कर दिया क्योंकि रात में संतोषी उसे अपने घर में देखती तो गुस्सा हो सकती थी।

महिला के आने से मना करने पर बौखलाए दिनेश ने संतोषी को कुछ अपशब्द कहा तो उसने थप्पड़ मार दिए। इस पर नशे में बहके दिनेश ने संतोषी को उसके पति समेत मारने की साजिश रच डाली। उसने बड़गांव निवासी धर्मेंद्र पासी को फोनकर बुला लिया। रात में संतोषी और जितेंद्र घर के पीछे चारपाई पर सो गए तो उन दोनों पर लोहे के सब्बल से हमला कर दिया। एसपी गंगापार सुनील सिंह के मुताबिक, जितेंद्र की हत्या के बाद दिनेश ने बेहोश संतोषी के साथ रेप किया। फिर उसे भी मार दिया। संतोषी के कपड़ों और शरीर से मिले साक्ष्यों से रेप की पुष्टि हुई है। घटना के दूसरे रोज सुबह दिनेश ने महिला रसोइया से कहा कि उसने रात में बड़ी घटना कर डाली। दोनों कत्ल के बारे में बताकर दिनेश ने कहा कि वह आत्महत्या कर लेगा। दोहरे हत्याकांड के बाद करीब 15 दिन तक वह स्कूल भी नहीं गया था।
विज्ञापन


इस दोहरे हत्याकांड के खुलासे की सूत्रधार बनी महिला रसोइया को पुलिस ने सरकारी गवाह बना लिया है। उसका अदालत में बयान भी दर्ज करा लिया गया। पुलिस ने घटना में संदिग्ध शिक्षक दिनेश से पहले भी कई बार पूछताछ की थी, लेकिन ठोस सुबूत नहीं होने की वजह से उसे छोड़ देना पड़ता था। महिला ने जब उस रात का वाकया और सुबह दिनेश द्वारा घटना अंजाम देने के बारे में बताया तो पुलिस दिनेश को गिरफ्तार कर सकी। दूसरे आरोपी धर्मेंद्र की तलाश जारी है। एसपी क्राइम ने बताया कि इस हत्याकांड में पहले 54 लोगों से पूछताछ की जा चुकी थी। यहां तक कि कुछ स्थानीय नेता भी शक के दायरे में थे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें