सरायइनायत इलाके के हनुमानगंज बाजार में टेंपो चलाने वाले नशेड़ी युवक ने बृहस्पतिवार रात बिस्किट दिलाने के बहाने चाट विक्रेता की सात वर्षीय बेटी को अगवा किया और बलात्कार के बाद गला घोंटकर मार डाला। शुक्रवार सुबह तालाब के पास झाड़ी में बालिका की लाश मिलने पर भड़के लोगों ने जीटी रोड पर चक्काजाम कर हंगामा किया। पथराव में कई गाड़ियों के कांच टूट गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया तो आक्रोशित लोग शांत हुए।
मूल रूप से बहरिया में करनाईपुर गांव निवासी चाट विक्रेता हनुमानगंज के पास बीकापुर गांव में परिवार सहित किराए के मकान में रहता है। वह हनमानगंज बाजार में ठेला लगाकर चाट और सकौड़ा बेचता है। उसके चार बच्चों में सात वर्षीय गुड़िया सबसे बड़ी थी। कक्षा एक में पड़ने वाली गुड़िया अक्सर पिता के साथ ठेले पर चली जाती थी। बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे वह ठेले के पास खड़ी थी तभी जुनैदपुर गांव निवासी टेंपो चालक राकेश यादव वहां आया। 25 वर्षीय राकेश नशे में धुत था। वह गुड़िया को बिस्किट दिलाने की बात कहकर साथ ले गया। फिर गुड़िया लौटी नहीं। काफी देर होने पर पिता उसे खोजने गया लेकिन वह नहीं मिली। आधी रात तक माता-पिता उसकी तलाश में भटकते रहे। शुक्रवार सुबह पिता ने जुनैदपुर गांव जाकर राकेश के घर में पूछा तो उसके परिजनों ने दुत्कार दिया। उधर, हनुमानगंज कस्बे में सुबह करीब नौ बजे तालाब के पास जला ट्रांसफार्मर उतारा जा रहा था तभी किसी ने वहीं पास में झाड़ी में बालिका की लाश देख शोर मचाया।
शव के पास भीड़ जुट गई। बेटी की तलाश में भटक रहा चाट विक्रेता भी वहां पहुंचा। शव देखकर वह रोने लगा। लाश उसकी बेटी की थी। थाना प्रभारी सरायइनायत संजय कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। शव पर चोटों को देख पहली नजर में ही पुलिस ने भांप लिया कि बालिका को रेप के बाद गला दबाकर मारा गया था। पुलिस ने आरोपी राकेश के खिलाफ मुकदमा लिखकर शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। इसी बीच लोगों ने कातिल की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जीटी रोड पर चक्काजाम कर पथराव शुरू कर दिया। एक जाइलो समेत कई गाड़ियों के कांच टूट गए।
खबर मिलते ही एसपी गंगापार मुन्नालाल, एसपी ट्रैफिक निहारिका शर्मा, फलपुर और हंडिया सीओ कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। इसी बीच पुलिस ने रेप और कत्ल के आरोपी राकेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसने बालिका के साथ दरिंदगी और हत्या का गुनाह कुबूल लिया। पुलिस ने गिरफ्तारी की जानकारी देकर चक्काजाम कर रहे लोगों को शांत कराया। अधिकारियों ने जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र सिंह उर्फ पिंटू की मांग पर पीड़ित परिवार को रानी लक्ष्मी बाई योजना के तहत मदद दिलाने का भरोसा दिया। मौके पर खोजी कुत्ते के साथ ही फोरेंसिक टीम को लाया गया।
दरिंदगी के बाद गुड़िया की बेरहमी से हत्या ने उसकी मां समेत इलाके की महिलाओं को दहला दिया है। बालिका की मां कई महिलाओं के साथ आखिरी बार बेटी का चेहरा देखने की बात कहते हुए बीकापुर गांव में स्टेट बैंक के सामने सड़क पर लेट गई। पुलिस ने चीरघर से शव लाने का भरोसा देकर उसे किसी तरह मनाया।
टेंपो चालक राकेश की हैवानियत से बालिका के गमगीन माता-पिता आक्रोशित हैं। राकेश लगभग रोज ही बालिका के पिता के पास आता था। वे दोनों साथ बैठकर शराब पीते थे। राकेश ही शराब खरीदकर ले आता था। उस पर बालिका के मां-बाप को भरोसा हो गया था। वह पहले भी बालिका को बिस्किट-टाफी दिला चुका था। यही वजह है कि बृहस्पतिवार रात वह गुड़िया को बिस्किट दिलाने की बात कहकर साथ ले गया तो पिता ने रोका नहीं। पुलिस ने जांच के दौरान गुमटी में बिस्किट समेत खाने-पीने की वस्तुएं बेचने वाले जयकृष्ण जायसवाल से पूछताछ की तो उसने बताया कि रात में राकेश बालिका को गोद में लेकर आया था। उसे बिस्किट दिलाकर गोद में ही ले गया था।