मऊआइमा में सरपताही नहर पुलिया के पास शुक्रवार शाम डंपर से कुचलकर पिता की मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक पर पीछे बैठी बेटी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची मऊआइमा पुलिस घायलों को पीएचसी लेकर आई। जहां डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया। बेटी की हालत नाजुक देखते हुए एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रतापगढ़ जिले में मांधाता इलाके के दारापुर मझगांव निवासी सालिक राम गुप्ता (42) कारोबारी थे। वह बेटी रीनू (18) के साथ बाइक से सोरांव के मलाका गांव में एक रिश्तेदार के यहां आए थे। शुक्रवार शाम सालिक राम बेटी के साथ घर लौट रहे थे।
मऊआइमा इलाके में सरपताही नहर पुलिया के पास पीछे से बेकाबू डंपर ने बाइक में टक्कर मार दिया। टक्कर मारने के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला। हादसे के बाद आसपास के लोग पहुंचे। दुर्घटना की खबर मऊआइमा पुलिस को दी। पुलिस घायल पिता-पुत्री को अस्पताल ले गई। पीएचसी में डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया। बाइक में मिले कागजात के आधार मृतक की शिनाख्त हुई। हादसे की खबर पाकर घरवाले रोते कलपते एसआरएन पहुंचे।