मानिकपुर में वास्को एक्सप्रेस हादसे में घायल हुए एक यात्री की शनिवार को इलाहाबाद के एक निजी अस्पताल में हालत ज्यादा बिगड़ गई। गंभीर रूप से घायल अरविंद वर्मा नाम के यात्री को इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया। लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के साथ उसे यहां से आईसीयू एंबुलेंस से भेजे जाने की व्यवस्था रेलवे ने ही की।
इसके पूर्व घायल यात्री के इलाज के लिए रेलवे द्वारा गुड़गांव के मेदांता में इलाज के लिए बातचीत की गई। वहां से एयर एंबुलेंस मंगाने की भी तैयारी की गई, लेकिन घायल यात्री अरविंद के पिता ने गुड़गांव की बजाय लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज करवाने को कहा। उनके आग्रह पर रेलवे ने आईसीयू एंबुलेंस मंगाकर अरविंद को इलाज के लिए लखनऊ रवाना कर दिया। साथ में रेलवे का एक चिकित्सक भी एंबुलेंस के साथ गया। उधर दिन में उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के महाप्रबंधक एमसी चौहान ने रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय में दुर्घटना में घायल यात्रियों का हालचाल लिया। उन्होंने वहां भर्ती छह मरीजों से इलाज की व्यवस्था के बारे में भी पूछा। मरीजों की सहमति मिलने के बाद उन्होंने केंद्रीय चिकित्सालय के सीएमडी और एमडी से कहा कि घटना में घायल मरीजों को यहां किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
एनसीआर के सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल ने बताया कि मानिकपुर घटना में घायल सभी मरीजों को रेलवे द्वारा दी जाने वाली राहत राशि दे दी गई है। इसके अलावा मृतक तीन यात्रियों के परिजनों को भी बची हुई 4.50 लाख रुपये की राशि का भुगतान कर दिया गया। सीपीआरओ ने बताया कि केंद्रीय चिकित्सालय में इंदल चौहान, राजकुमार दास, मंजीत देवी, चंद्रशेखर, रिंकी देवी आदि का इलाज चल रहा है। एक मरीज ने अस्पताल से डिस्जार्च होने का आग्रह किया। देर शाम उसे डिस्चार्ज कर दिया गया।