कोतवाली थाना क्षेत्र में जानसेनगंज स्थित एक आभूषण की दुकान में सेंध लगाकर चोरों ने करीब 80 लाख के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इतनी बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही गुरुवार की सुबह इलाके में हड़कंप मच गया। एसएसपी समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अब तक की जांच में किसी बाहरी गिरोह के चोरी में शामिल होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। दुकान के कर्मचारियों समेत कई लोगों को उठाया गया है। एसएसपी ने खुलासे में क्राइम ब्रांच को भी लगा दिया है।
जानसेनगंज चौराहे पर होटल वशिष्ठ के एक हिस्से में भोला संस ज्वैलर्स नाम से सुनील वर्मा की दुकान है। सुनील के मुताबिक 14 अगस्त रात वह दुकान बंद करके बगल में स्थित अपने घर चले गए। दूसरे दिन 15 अगस्त होने के नाते दुकान बंद थी। गुरुवार करीब साढ़े ग्यारह बजे जब दुकान खोली तब ठीक सामने के शो केस में रखे सोने के मंगलसूत्र एवं आभूषण गायब थे। नीचे का शो केस भी खाली था। दुकान के उत्तरी दिशा में करीब ढाई फीट गोलाई में बेहद संकरी सेंध लगाई गई थी। इस रास्ते के सहारे चोर अंदर घुसे थे। उनके मुताबिक एक लाख रुपये नकद और करीब 80 रुपये के जेवरात थे। सूचना पर एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव, सीओ शिवराज एवं कोतवाली इंस्पेक्टर रवींद्र यादव फोरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंच गए। उधर, तमाशबीनों की भीड़ लगनी शुरू हो गई, जिससे पुलिस को ट्रैफिक कंट्रोल करने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ देर बाद एसएसपी नितिन तिवारी, सीओ बैरहना सुकीर्ति माधव भी पहुंचे और तफ्तीश शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर अतीक अहमद के स्वामित्व वाली बगल की इमारत का ताला तोड़कर अंदर भी जांच पड़ताल की, जहां से चोरों के भीतर आने की पुष्टि हुई। यहां से ड्रिल मशीन, तीन गदाला, ट्रक में इस्तेमाल होने वाला जैक, खाना, बिस्तर, कपड़े आदि बरामद हुए।