पुलिसिया तांडव के विरोध में मतदान बहिष्कार की चेतावनी
पुलिस पर लोगों के घरों में तोड़फोड़ और बेगुनाहों को तमंचा संग जेल भेजने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली के छत्ता का पुरवा में पुलिसिया तांडव के विरोध में ग्रामीणों ने मतदान बहिष्कार की धमकी दी है। जिलाधिकारी व चुनाव आयोग को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि पुलिस बेगुनाह युवकों को जबरन जेल भेज रही है। घरों में तोड़फोड़ कर रही है। महिलाओं के साथ अभद्रता की जाती है।
सराय वीरभद्र छत्ता का पुरवा के प्रधान राम प्रताप, हसन अली, शाहिद अली, अशरफ अली, इमाम, श्रीराम, रमेश, बृजलाल, जीतलाल समेत सैकड़ों लोगों ने बुधवार को जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय में प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप था कि 16 अप्रैल को स्वॉट टीम वाहिद अली के घर पहुंची। बिना किसी वजह के महिलाओं से अभद्रता करते हुए तोड़फोड़ की। उसी दिन जमील अहमद के यहां जाकर तोड़फोड़ करने लगे। गांव के नायब अली के घर तांडव मचाया। जेवरात, दस हजार रुपये व दो एटीएम लेकर चले गए। पुलिस के आतंक से पुरुषों ने घर छोड़ दिया है। यदि पुलिस के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तो ग्रामीण लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। आईएमआईएमआई के अध्यक्ष इसरार अहमद, जफरुल हसन समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।