शीशगढ़ (बरेली)। मानपुर गांव में बीती रात सराफ की दुकान से चोर करीब 24 लाख का नकदी-जेवर ले उड़े। सुबह खेत में खाली पड़े जेवरों के डिब्बे देख व्यापारियों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से बहेड़ी रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान करीब चार घंटे आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ा, लेकिन कुछ देर बाद वे फिर जम गए। एसपी देहात ने तीन दिन में खुलासे का अल्टीमेटम देकर जाम खुलवाया। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
बहेड़ी मार्ग पर रसूलपुर के जगेंद्र सिंह गंगवार उर्फ जग्गी की मंगलम ज्वैलर्स नाम से दुकान है। बीती रात चोरों ने चैनल और शटर का ताला काट डाला। फिर सब्बल से शटर उठाकर दुकान में घुस गए। तिजोरी के ताले काटकर 24 लाख के जेवर और नकदी चुरा ले गए। इसमें 25 से 30 किलो चांदी, करीब 400 ग्राम सोना और बीस हजार रुपये बताए गए। चोरों ने पड़ोसी कृष्णपाल ज्वैलर्स की दुकान में भी पीछे की दीवार में नकब लगाने की कोशिश की, लेकिन दीवार मोटी होने पर कामयाब नहीं हो पाए। सुबह खेत में जेवरों के खाली डिब्बे देखकर अखबार विक्रेता ने सूचना जगेंद्र को दी। उनकी सूचना पर एसओ शीशगढ़ श्याम सिंह, कोतवाल बहेड़ी दलवीर सिंह मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पर ग्रामीण और मानपुर के व्यापारी इकट्ठे हो गए। पुरानी घटनाओं का खुलासा न होने और नई वारदात से गुस्साए लोगों ने सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े कर रास्ता बंद कर दिया। इससे जाम लगना शुरू हो गया। सीओ बहेड़ी अशोक कुमार सिंह ने समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन व्यापारी एसएसपी को बुलाने की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। एकबारगी पुलिस ने लाठियां फटकारकर भीड़ को खदेड़ दिया, इससे व्यापारी और भड़क गए और दोगुने जोश के साथ जाम लगा दिया। मेनका गांधी के ओएसडी आनंद चौधरी मौके पर पहुंचे और केंद्रीय मंत्री को अवगत कराकर एसएसपी से मोबाइल पर बात की। तब एसपी ग्रामीण संसार सिंह पहुंचे। बात की तो व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस गश्त नहीं करती। पता लगा कि मौसम खराब होने की वजह से पिकेट लगी ही नहीं थी। एसपी देहात ने पुलिस की लापरवाही स्वीकारते हुए तीन दिन में खुलासे का आश्वासन दिया तो जाम खुला। आनंद चौधरी, नरेश गुप्ता, राजीव गुप्ता ने भीड़ पर लाठी फटकारने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।