गंगापार के लिए भी
0000000000000
सेल्समैन पर हमला, सरेराह लूटने की कोशिश
0 जार्जटाउन की घटना, नहीं दर्ज हुई एफआईआर
इलाहाबाद। जार्जटाउन थाना क्षेत्र के टैगोर टाउन में घर जा रहे बीयर की दुकान के सेल्समैन को लूटने की कोशिश की गई। नाकाम रहने पर बदमाशों ने उस पर हमला किया, जिसमें वह घायल हो गया। भुक्तभोगी ने थाने मेें तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई।
टैगोर टाउन स्थित एक अस्पताल के सामने ही एक बीयर की दुकान है। यहां पचखरा जसरा निवासी शैलेंद्र त्रिपाठी बतौर सेल्समैन काम करता है। उसका आरोप है कि तीन जुलाई को वह रात 10 बजे दुकान बंद कर घर जा रहा था। इसी दौरान आईडीबीआई बैंक के सामने सात युवक कार से आए और उसे रोककर पीटना शुरू कर दिया। साथ ही उसके पास मौजूद नकदी लूटने की भी कोशिश की। मोबाइल भी तोड़कर फेंक दिया। हमले में उसके पैर व पीठ में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद भी युवक नहीं रुके और उसे कार में खींचकर ले जाने लगे। हालांकि, भुक्तभोगी के शोर मचाने पर राहगीर जुटने लगे तो युवक उसे छोड़कर भाग निकले। आरोप है कि रात में ही नामजद तहरीर देने के बावजूद रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई। भुक्तभोगी का आरोप है कि वह दो युवकों को पहचानता है और वे उसकी दुकान में अक्सर बीयर पीने आते थे। हमले में चोटिल सेल्समैन दुकान भी नहीं जा पा रहा है और जसरा स्थित घर पर ही इलाज करा रहा है।