बेखौफ बदमाशों ने सांसद
के नाती को मारी गोली
- शहर के निजी अस्पताल में भर्ती, सीने में लगी है गोली
- विवाद स्पष्ट नहीं, बाइक से आए दो हमलावरों ने की वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। शनिवार रात बेखौफ बदमाशोें ने नैनी के डभांव में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। यहां अपनी दुकान पर बैठे सांसद श्यामाचरण गुप्त के नाती को गोली मारकर बदमाश भाग निकले। घायल हालत में उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर सांसद भी पहुंचे। एसएसपी का कहना है कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
नैनी के डभांव में रहने वाले गुमान सेन सांसद श्यामाचरण के बड़े भाई राधेचरण गुप्त के दामाद हैं। वह पत्नी पद्मा, बड़े बेटे सचिन उर्फ गोल्डी (30) व बेटी वेदिका के साथ रहते हैं। छोटा बेटा विवेक बंगलूरू में रहता है। गुमान घर में ही इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाते हैं, जबकि सचिन जीएसटी सुविधा केंद्र का संचालन करता है। दोनों दुकानें अगल-बगल हैं। शनिवार रात 7.15 बजे के करीब सचिन सुविधा केंद्र पर था। तभी बाइक से दो बदमाश आए और उसे गोली मारकर भाग निकले। गोली सीने में दाहिनी ओर लगते ही सचिन चीख पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर पड़ोसी राम सिंह पहुंचा तो सचिन लहूलुहान पड़ा था। पुलिस को सूचना देकर आसपास के लोग उसे सीएचसी चाका ले गए। वहां से उसे लाकर शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमलावर कौन थे, इस बारे में कुछ पता नहीं चल सका है।
किस विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया, फिलहाल स्पष्ट नहीं है। परिवारवाले किसी रंजिश की बात से इंकार रहे हैं। हमलावरों का पता लगाया जा रहा है।
नितिन तिवारी, एसएसपी
परिवार बेहद सीधा-सादा है। किसी से कोई विवाद की जानकारी मुझे नहीं है। सूचना मिली तो मैं भी अस्पताल पहुंचा हूं। पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई के लिए कहा गया है।
श्यामाचरण गुप्त, सांसद