बेहोशी का स्प्रे छिड़कर उड़ाए लाखों के गहने
आनंदपुरम् कॉलोनी में घुसे आधा दर्जन चोर, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
इलाहाबाद। चकिया के आनंदपुरम् कॉलोनी के भीतर बीती रात को घुसे चोर एक घर से लाखों के जेवरात लेकर चंपत हो गए। सुबह घटना का पता चलते ही मकान मालिक के होश उड़ गए। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौका-मुआयना करने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। यह पूरी घटना पास के मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई।
प्रदीप दुबे सिविल लाइंस स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में नौकरी करते हैं। माता-पिता के साथ वह आनंदपुरम् कॉलोनी मेें रहते हैं। प्रदीप के मुताबिक बीती रात करीब एक बजे आधा दर्जन चोर सामने के दरवाजे के रास्ते घर के भीतर घुस गए। नीचे माता-पिता के साथ उसका भाई सो रहे थे जबकि वह अपने ऊपरी मंजिल के कमरे में था। प्रदीप का कहना है चोरों ने बेहोशी के स्प्रे इस्तेमाल करके नीचे सो रहे लोगों को बेहोश कर दिया। उसके बाद बगल के कमरे में रखी आलमारी खोलकर उसमें रखे पांच लाख के आभूषण लेकर चलते बने। आलमारी में उसके विवाह में मिले सभी उपहार भी रखे थे। इसे भी चोर अपने साथ उठा ले गए। सुबह जब सबकी बेहोशी टूटी तब उनको सिर में भारीपन का अहसास हुआ। घर का पूरा सामान बिखरा होने पर जब आलमारी देखी तब उसमें से सारे आभूषण गायब थे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।भुक्तभोगी के मुताबिक करीब पांच लाख रुपये के आभूषण चोरी गए हैं। इनमें तीन सोने की चेन, छह अंगूठी, नथिया, कील समेत दस हजार रुपये नकद भी शामिल था। इंस्पेक्टर धूमनगंज संदीप मिश्रा का कहना है मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई लेकिन जिस तरह वारदात बताई गई उसमें किसी भीतर व्यक्ति के शामिल होने की आशंका अधिक है।