रिश्वतखोरी में फंसे एसएसपी के दो स्टेनो और दो दरोगा
ऑडियो वायरल होने के बाद अब एंटी करप्शन करेगा जांच
मलाईदार थाने के लिए स्टेनो से की थी दो माह पूर्व बात
एसपी प्रतापगढ़ की जांच में ऑडियो सही पाया गया
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
एसएसपी के दो स्टेनो और दो पूर्व थानेदार के बीच थानों में पोस्टिंग को लेकर हुई बातचीत का वायरल हुआ ऑडियो सही पाए जाने पर शासन ने एंटी करप्शन संगठन को इसकी जांच सौंप दी है। इस खबर के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसएसपी ने दोनों दरोगा से थानों का चार्ज छीनकर उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है। एसआई संजय कुमार सिंह से सोमवार को दारागंज का चार्ज लिया गया था। दूसरे दरोगा अरविंद कुमार त्रिवेदी को माघ मेला के कल्पवासी थाने से मंगलवार को हटा दिया गया। रिश्वतखोरी में एसएसपी के दो स्टेनो भी फंसे हैं, जिनसे मलाईदार थाने के लिए बातचीत हुई थी। इनमें से एक फिलहाल प्रतापगढ़ एसपी ऑफिस में है।
ऑडियो करीब दो माह पहले का है। इसमें दरोगा संजय कुमार सिंह, अरविंद त्रिवेदी और दोनों स्टेनो सुनील कुमार राय और देशराज सिंह के बीच बातचीत है। ऑडियो में हंडिया और घूरपुर थाने का चार्ज दिलाने में लेनदेन की बात हो रही है। यह ऑडियो पुलिस मुख्यालय से घूमता हुआ आईजी रमित शर्मा तक पहुंचा। इस प्रकरण को आईजी ने गंभीरता से लिया और एसपी प्रतापगढ़ को जांच सौंप दी। नवंबर में एसपी प्रतापगढ़ ने जांच में पुष्टि की कि वायरल ऑडियो सही है। यह रिपोर्ट आईजी ने डीजीपी को भेजी। जिसके बाद भ्रष्टाचार में लिप्त दोनों एसआई और स्टेनो के खिलाफ जांच के आदेश भ्रष्टाचार निवारण संगठन को दिए गए। इस प्रकरण में कुछ और लोगों के नपने के भी आसार हैं।
स्टेनो के तबादले से वायरल हुआ वीडियो
इलाहाबाद।
एसएसपी कार्यालय के गोपनीय उप निरीक्षक सुनील कुमार राय का अक्तूबर के महीने में इलाहाबाद से प्रतापगढ़ के लिए तबादला हुआ था। माना जा रहा है कि दोनों स्टेनो में मनमुटाव के बाद ही रिश्वतखोरी से जुड़ा ऑडियो पुलिस महकमे के वरिष्ठ अफसरों तक पहुंचा। आईजी ने इस वीडियो को गंभीरता से लिया और एसपी प्रतापगढ़ को जांच के आदेश कर दिए।
इस लेनदेन में दो और कौन
इलाहाबाद।
महकमे में चर्चा है कि लेनदेन का ऑडियो दो दरोगा और दो स्टेनो के बीच का है। इसके बावजूद दो और लोगों की भ्रष्टाचार में भूमिका बताई गई है। जिसका खुलासा एंटी करप्शन संगठन की विवेचना में हो सकेगा। इस आशय के संकेत शासन स्तर से बैठाई गई जांच के आदेश में हुआ है।