छात्रसंघ कार्यकारी अध्यक्ष को जेल से दी धमकी
छात्रनेता अच्युतानंद शुक्ला के हत्यारोपी पर आरोप
तहरीर देकर जार्जटाउन थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। सीएमपी डिग्री कॉलेज के कार्यकारी अध्यक्ष को जेल में बुलाकर धमकी दी गई। आरोप इनामी छात्रनेता अच्युतानंद शुक्ला के मुख्य हत्यारोपी पर है। जार्जटाउन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मो. राशिद पुत्र सनाउल्ला सीएमपी पीजी कॉलेज के उपाध्यक्ष हैं जो वर्तमान में कार्यकारी अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। उनका आरोप है कि एक जनवरी को रात 10.26 व 10.29 बजे दो बार उनके पास फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को वर्तमान अध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी बताते हुए उन्हें धमकी देकर केंद्रीय कारागार नैनी मिलने के लिए बुलाया। आशुतोष इनामी छात्रनेता अच्युतानंद शुक्ला की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी है और वर्तमान में जेल में निरुद्ध है। आरोप है कि तीन जनवरी को राशिद दोपहर एक बजे नैनी जेल पहुंचे तो वहां आशुतोष ने छात्रसंघ का उदघाटन, जो 10 जनवरी को प्रस्तावित है, न कराने की धमकी दी। साथ ही कार्यवाहक अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के लिए भी कहा। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। जेल से लौटकर भुक्तभोगी ने जार्जटाउन पुलिस को तहरीर दी। इंस्पेक्टर निशिकांत राय ने बताया कि नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।