अल्लापुर में युवक पर ईंट-पत्थर से हमला
हालत गंभीर, एसआरएन अस्पताल में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। जार्जटाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर में बाघंबरी गद्दी के पास रहने वाले संजय नाम के युवक पर शुक्रवार रात जानलेवा हमला किया गया। हमले में उसके सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, अल्लापुर में बाघंबरी गद्दी के पास रहने वाला संजय सब्जी की दुकान चलाता है। शुक्रवार रात मोहल्ले में ही रहने वाले एक युवक से उसका विवाद हो गया। जिसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर संजय को पीटना शुरू कर दिया। वह सड़क पर बेसुध होकर गिरा तो उस पर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया। जिसमें उसके सिर में गंभीर चोट आई। उसकी चीख सुनकर घरवाले पहुंचे तो हमलावर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस लहूलुहान हालत में उसे लेकर एसआरएन अस्पताल पहुंची। जहां पता चला कि हमले में उसके सिर में गंभीर चोट आई है। दो जगहों से उसका सिर फट गया है। उधर परिजन बिलखते रहे। उनका आरोप है कि पुरानी रंजिश में हमला किया गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है।
कटरा में युवक को पीटा, बम चलने की चर्चा
प्रयागराज। उधर देर रात कटरा में प्रियांशु यादव नाम के युवक को मारपीट कर घायल कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक मोहल्ले में ही रहने वाले तीन युवकों ने किसी बात को लेकर उससे विवाद किया। साथ ही उसे मारपीट कर जख्मी कर दिया। जिससे उसकी नाक में चोट आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल भेजा। उधर चर्चा रही कि आरोपी युवकों ने बम से हमला किया जिसमें युवक को छर्रे लगे। हालांकि पुलिस इससे इंकार करती रही। उसका कहना है कि घायल युवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।