छात्रा को अगवा कर मांगी दो लाख की फिरौती
-सोमवार शाम पूरामुफ्ती गई थी कोचिंग पढ़ने, देर रात फोन पर मिली धमकी
-पीड़िता पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
चायल (कौशाम्बी)। पूरामुफ्ती इलाके से एक छात्रा का सोमवार शाम अपहरण होे गया। छात्रा घर से कोचिंग जाने के लिए निकली थी। देर रात अपहर्ताओं ने फोन पर छात्रा के पिता से दो लाख की फिरौती मांगी तो परिजनों के होश उड़ गए। पीड़िता के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने घटना की तहकीकात शुरू कर दी है।
पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र एक गांव की रहने वाली किशोरी 10वीं की छात्रा है। सोमवार शाम वह पूरामुफ्ती में कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकली। इसके बाद वह लौटकर नहीं आई। इससे परिजन परेशान हो गए। छात्रा की खोजबीन परिजनों ने की लेकिन पता नहीं चला। देर रात छात्रा के पिता के मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि उनकी बेटी का अपहरण हो गया है। यदि बेटी सही सलामत चाहिए तो दो लाख रुपये का इंतजाम करें। अपहरण की बात सुनते ही परिजनों के पांवों के नीचे से जमीन खिसक गई। आनन फानन छात्रा के घर वाले थाने पहुंचे और घटना की तहरीर पुलिस को दी। मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने मोबाइल नंबर को ट्रेस करने के लिए सर्विलांस पर लगाया लेकिन मोबाइल बंद मिला। प्रभारी एसओ मनोज उपाध्याय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की छानबीन के साथ मोबाइल नंबर की आईडी खंगाल रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, छात्रा के अपहरण से पीड़ित परिवार सहमा है।