वसूली को लेकर भिड़े सिपाही, एक का पैर टूटा
खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के सब्जीमंडी के पास घटना
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। खुल्दाबाद थाने के दो सिपाही बृहस्पतिवार सुबह वसूली को लेकर आपस में भिड़ गए। धक्कामुक्की के दौरान एक सिपाही ट्रक के नीचे चला गया और उसका पैर की हड्डी टूट गई। उसे एसआरएन अस्पताल ले जाया गया जहां प्लास्टर चढ़ने के बाद उसे वापस घर भेज दिया गया। हालांकि पुलिस ऐसी किसी घटना से इंकार करती रही।
वाकया सुबह पांच बजे का है। खुल्दाबाद थाने का एक सिपाही सब्जीमंडी चौकी के पास ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान गुजर रहे एक ट्रक चालक से वह कुछ बात करने लगा। इसी दौरान वहां थाने का एक अन्य सिपाही पहुंच गया और वह भी ट्रक ड्राइवर से कुछ बातें करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों सिपाहियों में नोकझोंक होने लगी। बात इतनी बढ़ी कि धक्कामुक्की होने लगी और इसी दौरान बाद में पहुंचे सिपाही ने पहले से मौजूद सिपाही को धक्का दे दिया। इससे वह ट्रक के नीचे चला गया। इस दौरान उसके पैर की हड्डी टूट गई। सूचना मिली तो थाने पर हड़कंप मच गया। आननफानन में जख्मी सिपाही को एसआरएन लाया गया जहां प्लास्टर चढ़ाने के बाद उसे घर भेज दिया गया। घटना दिन भर थाने में चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि मामले में खुल्दबाद इंस्पेक्टर रोशन लाल ने बताया कि गाड़ी से उतरने के दौरान सिपाही घायल हुआ। विवाद जैसी कोई बात नहीं है।