घर से खींचकर वृद्ध को किया अगवा, सनसनी
0 खुल्दाबाद में सनसनीखेज घटना, पांच घंटे बाद सिविल लाइंस में मिले
0 सूचना पर कई थानों की पुलिस हुई अलर्ट, छह गिरफ्तार, चार बाइक बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। खुल्दाबाद के अहमदगंज मोहल्ले में कुछ लोगों ने घर में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। फिर वृद्ध को गाड़ी में खींचकर अगवा कर ले गए। सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। वायरलेस पर सूचना प्रसारित हुई तो अन्य थानों की फोर्स भी सक्रिय हो गई। पांच घंटे बाद बुजुर्ग को सिविल लाइंस से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को मामले में छह लोगों को गिरफ्तार करते हुए चार बाइक बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार सुरेशचंद्र (60) खुल्दाबाद के नूरुल्लाह रोड स्थित अमजदगंज में परिवार सहित रहते हैं। इसी मोहल्ले में तरुण सिंह उर्फ टीटू सिंह का परिवार रहता है। सुरेश के परिवार में उनकी मां, बेटा व भाई सुशील है। सुशील मोहल्ले के ही जिम में जाता है, जहां बुधवार शाम टीटू के भाई जीतू से उसका विवाद हो गया। झगड़े की जानकारी पर सुरेश जिम पहुंचे और बीचबचाव कर सुशील को घर ले आए। रात आठ बजे के करीब लाठी-डंडों से लैस होकर टीटू, जीतू व कई अन्य लोग उसके घर में आ धमके। साथ ही सुरेश व सुशील को पीटना शुरू कर दिया। घर में तोड़फोड़ भी की। जमकर पीटने के बाद हमलावर बाइक में खींचकर सुरेश को अगवा कर ले गए।
सूचना मिलने के बाद कई थानों की पुलिस अलर्ट हो गई। रात करीब एक बजे सुरेश को सिविल लाइंस में छोड़कर बदमाश भाग निकले। सूचना पर खुल्दाबाद पुलिस पहुंची और थाने लाकर परिजनों के हवाले कर दिया। रात में ही पुलिस ने सुरेश की तहरीर पर तरुण सिंह उर्फ टीटू, उसके भाई जीतू सिंह, साले शुभम सिंह, पिता अशोक, मां आशा के अलावा हिम्मतगंज निवासी शुभम सोनकर व ऋषभ सोनकर के खिलाफ बलवा समेत अन्य आरोपों में एफआईआर दर्ज कर ली।
सुबह धमकाने भी पहुंच गए
पुलिस ने बताया कि एफआईआर लिखकर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। रात में दबिश भी दी गई, लेकिन सभी घर छोड़कर फरार मिले। बृहस्पतिवार दोपहर में सुरेश ने पुलिस को सूचना दी कि आरोपी फिर उसके घर पहुंचे हैं और मुकदमा वापस लेने को धमका रहे हैं। इस पर पुलिस ने पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मौके से छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इंस्पेक्टर रोशन लाल ने बताया कि नामजद आरोपियों मेें टीटू की मां आशा भी शामिल है, उसकी तलाश की जा रही है।
शुभम व उसके साथी ने किया था अगवा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि मारपीट के दौरान सुरेश को टीटू का साला शुभम व उसका एक साथी बाइक पर खींचकर भागे थे। वह कटरा का रहने वाला है। इसके बाद वह सुरेश को घंटों इधर-उधर घुमाते रहे। मामला पुलिस तक पहुुंचने की खबर मिली, तब घबराकर वह सिविल लाइंस पहुंचे और सुरेश को छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को गिरफ्तारी के दौरान मौके से आरोपियोें की चार बाइक भी मिलीं। सभी को सीज कर दिया गया है। साथ ही आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।