दिनदहाड़े एयरफोर्सकर्मी की पत्नी की छीनी चेन
0 धूमनगंज क्षेत्र के विष्णापुरी कॉलोनी में सुबह हुई घटना
0 दो बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
धूमनगंज में बेखौफ स्नैचर्स दिनदहाड़े एयरफोर्सकर्मी की पत्नी के गले से सोने की चेन खींच ले गए। घटना तब हुई जब वह घर से दुकान कुछ सामान लेने जा रही थी। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दोनों बदमाश भाग निकले। महिला की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
राकेश कुमार केशरवानी एयरफोर्स कर्मचारी हैं। वह परिवार समेत धूमनगंज थाना क्षेत्र के विष्णापुरी कॉॅलोनी में रहते हैं। उनकी पत्नी सुमन केशरवानी सोमवार सुबह करीब 11 बजे कुछ सामान लेने के लिए घर से निकली। अभी वह दुकान के पास ही पहुंची थी कि तभी वहां सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आ धमके। सुमन कुछ समझ पाती इससे पहले ही पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर सुमन के गले से सोने की चेन खींच ली। सुमन ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़े। हालांकि] जब तक वह मौके पर पहुंचते, बदमाश भाग निकले। सुमन ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी तो वह स्तब्ध रह गए। इसके बाद मामले की सूचना धूमनगंज पुलिस को दी गई। धूमनगंज पुलिस ने बताया कि भुक्तभोगी की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उनकी तलाश की जा रही है।
स्टोर कीपर की पत्नी से छिनैती की रिपोर्ट दर्ज
उधर जार्जटाउन के टैगोरटाउन में सोमवार शाम हुई चेन छिनैती की रिपोर्ट मंगलवार शाम दर्ज कर ली गई। बता दें कि नैनी के रहने वाले स्वास्थ्यकर्मी दीपनारायण मिश्र अपनी पत्नी आरती के साथ 15 महीने के बच्चे को लेकर अस्पताल से लौट रहे थे। तभी एलआईसी कॉलोनी के पास पीछे से आए बदमाश आरती के गले से सोने की चेन खींचकर भाग निकला था।