भ्रष्टाचार के मामले में सिपाही पर होगी एफआईआर
एसएसपी ने दिया आदेश, मेजा के कोहड़ार चौकी का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। मेजा के कोहड़ार चौकी पर तैनात सिपाही पर भ्रष्टाचार के मामले में एफआईआर दर्ज होगी। इस संबंध में एसएसपी की ओर से शुक्रवार को आदेश जारी कर दिए गए। हालांकि मेजा पुलिस को देर रात तक आदेश की कॉपी प्राप्त नहीं हो सकी थी, इस वजह से मुकदमा नहीं लिखा जा सका।
पुलिस ने बताया कि मामला 2017 का है। मेजा के कोहड़ार चौकी पर तैनात सिपाही पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा था। इलाके में स्थित भटौती क्रसर प्लांट में लालबहादुर सिंह व आरोपी सिपाही के बीच जमकर विवाद हुआ था। इस मामले की शिकायत अफसरों तक पहुंची थी। आरोप लगा था कि संबंधित सिपाही ने क्रसर प्लांट पर पहुंचकर रिश्वत मांगी थी जिसे न देने पर ही उसका विवाद हुआ था। मामले की जांच तत्कालीन एसएसपी ने तत्कालीन एसपी प्रोटोकॉल पूर्णेंदू सिंह को सौंपी थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने शुक्रवार को आरोपी सिपाही पर भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट में भ्रष्टाचार के आरोप सही पाए गए हैं। जिसके आधार पर ही एफआईआर दर्ज करने को कहा गया है। हालांकि देर रात तक आदेश की प्रति न मिलने की वजह से मुकदमा नहीं लिखा जा सका था।