युवक की धारदार हथियार से हत्या, दोस्तों पर शक, दो को उठाया गया
पुलिस के मुताबिक स्मैक का लती था, कुछ दिन पहले चोरी में पुलिस ने पकड़ा था
इलाहाबाद। अतरसुइया थाना क्षेत्र के मीरापुर में छोटा कब्रिस्तान के पास बुधवार की रात एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वह रात में दावत जाने की बात कहकर घर से निकला था। पुलिस के पहुंचने के बाद शव की शिनाख्त हुई। पुलिस के मुताबिक मारा गया युवक स्मैक का लती था। कुछ दिन पहले उसे चोरी के एक मामले में पकड़ा भी गया था। उसके साथ नशा करने वाले साथियों पर शक जताया गया है। पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा भी है। पूछताछ की जा रही है।
करेली थाना क्षेत्र के तुलसीपुर मोहल्ले का रहने वाला आमिर उर्फ सत्तू (18) पुत्र चुन्नू खां चार भाई एवं पांच बहनों में पांचवें नंबर का था। बुधवार की रात मुहल्ले में ही दावत थी। आमिर रात में वहीं जाने के लिए घर से निकला था। रात में वह नहीं लौटा। वह अक्सर रात में घर नहीं लौटता था, इस कारण घर वालों ने पता नहीं किया। सुबह उसकी लाश घर से करीब 50 मीटर दूर मीरापुर मोहल्ले में आश्रय गेस्ट हाउस के सामने छोटा कब्रिस्तान के समीप पाई गई। धारदार हथियार से उसके गले, चेहरे और सीने पर कई वार किए गए थे। लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। कुछ देर में शिनाख्त हो गई। परिवार वालों को पता चला तो मां साहिना बेगम व परिवार के अन्य लोग रोते बिलखते हुए पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक धारदार हथियार से उसका लीवर फट गया था। गले और चेहरे पर भी गंभीर वार किए गए थे। इंस्पेक्टर अतरसुइया बृजेश कुमार यादव ने बताया कि मारा गया युवक स्मैकिया था। वह नशे की लत पूरी करने के लिए छोटी-मोटी चोरी करता रहता था। एक हफ्ते पहले करेली पुलिस चोरी के एक मामले में उठा ले गई थी। बाद में उसे छोड़ दिया गया था। शक है कि रात में उसने साथियों के साथ नशा किया। इसी दौरान कोई बात हुई और उसके दोस्तों ने ही उसे मार दिया। दो लोगों को पकड़ा गया है। पूछताछ की जा रही है।