सेल्फी के बहाने स्पेनी किशोरी संग छेड़खानी
सिविल लाइंस स्थित एक होटल में घटना, कर्मचारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। स्पेन से इलाहाबाद आए दंपति की नाबालिग पुत्री संग सेल्फी खिंचवाने के बहाने सिविल लाइंस स्थित एक होटल के कर्मचारी ने छेड़छाड़ की। दंपति ने सिविल लाइंस पुलिस को सूचना दे दी। शिकायत मिलने पर पुलिस पहुंची लेकिन, आरोपी होटल छोड़कर भाग गया। गुरुवार सुबह उसे नवाब यूसुफ रोड के पास से गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया।
स्पेन से एंटोनियो विडाल मूरिलो अपने पत्नी एवं दो पुत्रियों संग भारत घूमने आए हैं। वे बुधवार शाम करीब आठ बजे सिविल लाइंस स्थित एक प्रतिष्ठित होटल पहुंचे। यहां उन्होंने दो कमरे लिए। उन्होंने पुलिस को बताया कि बेल ब्वाय सतीश कुमार (निवासी शंकरगढ़) उनको लेकर होटल रूम तक गया। पति-पत्नी अपने कमरे में चले गए, उसके बाद वह उनकी बेटियों को कमरे में छोड़ने गया। इसी दौरान उनकी सत्रह वर्षीय पुत्री के साथ उसने सेल्फी खिंचवाने की इच्छा जाहिर की। लेकिन, सेल्फी खिंचवाने के साथ ही वह छेड़खानी करने लगा। वहीं उसकी बड़ी बहन भी थी। सतीश ने उसके साथ भी छेड़खानी की कोशिश की। इस पर बेटियों ने शोर मचाया। शोर सुनकर वहां दूसरे लोग भी पहुंच गए। इसके बाद सतीश वहां से भाग गया। मूरिलो दंपति ने सिविल लाइंस पुलिस को घटना की जानकारी दी। देर-रात एफआईआर दर्ज करने के बाद सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार ने आरोपी सतीश को नवाब यूसुफ रोड से पकड़ लिया। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। वहीं, मूरिलो दंपति भी सुबह संगम स्नान के बाद इलाहाबाद से चले गए।