एमआर के घर की ग्रिल काटकर लाखों की चोरी
घर वाले दूसरे कमरे में सोते रह गए, सुबह जानकारी हुई
चोरों ने फ्रिज से निकालकर खाई मिठाई, पानी भी पिया
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
खुल्दाबाद थाना क्षेत्र में जगमल का हाता इलाके में मंगलवार की रात चोरों ने एक एमआर के घर की ग्रिल काटकर लाखों के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घर वाले दूसरे कमरे में सोते रह गए। उन्हें भनक तक नहीं लगी। सुबह जानकारी हुई तो रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
जगमल का हाता निवासी शैलेंद्र सिंह एक दवा कंपनी में एमआर हैं। 28 अगस्त को वह बाहर गए थे। घर पर पत्नी बच्चे और पिता मौजूद थे। सभी अपने अपने कमरों में सो रहे थे। रात में चोरों ने खिड़की की ग्रिल काटी और अंदर घुस गए। चोरों ने आलमारी और बक्सों का ताला तोड़कर लाखों के जेवर और करीब 25 हजार नकद उड़ा दिया। इसके बाद फ्रिज में रखी मिठाई खाकर पानी भी पिया। खाली बोतलों को बाहर फेंककर वे खिड़की से निकल भागे। तड़के घर वाले उठे तो चोरी का पता चला। शैलेंद्र सिंह को सूचना दी गई। उनके आने के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई। चौकी इंचार्ज प्रिंस दीक्षित ने बताया कि चोरों ने जिस तरह घटना को अंजाम दिया है, उससे लग रहा है कि घर वालों का कोई परिचित चोरी में शामिल है।