25 हजार का इनामी हत्यारोपी गिरफ्तार
नैनी में महिला की हत्या में था वांछित
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। नैनी में चार महीने पहले हुई महिला की हत्या में वांछित चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चार बम बरामद हुए हैं। मामले में तीन नामजद आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
एग्रीकल्चर चौकी प्रभारी प्रिंस दीक्षित ने मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार को एफसीआई गेट के पास से आरोपी रवि भारतीया उर्फ टाइगर उर्फ रवि गौड़ निवासी चकलाल मोहम्मद को गिरफ्तार किया। बताया कि 14 फरवरी को चकलाल मोहम्मद निवासी रत्ना प्रजापति की उसके ही घर के बाहर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि रवि, अज्जू, राजू व एक अन्य मिलकर महिला के पति सुभाष को पीट रहे थे। जिसे बचाने की कोशिश करने के दोरान उन्होंने उसकी पत्नी रत्ना पर लाठी-डंडों से वार कर दिया था। गंभीर चोट आने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि रवि की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित था। उसके पास से से चार बम बरामद हुए हैं।