झूठी शान की खातिर मां-बाप ने ही मार डाला बेटी को
मेजा में युवती के गायब होने के मामले में नया मोड़
परिवार के तीन लोगों समेत कुल पांच आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
मेजा। क्षेत्र के बारा दशरथपुर से 10 दिन पहले गायब युवती के मामले में रविवार को नया मोड़ आ गया। पुलिस का दावा है कि उसकी हत्या कर शव नदी में फेंकने वाले खुद उसके ही परिवारवाले थे। पुलिस का दावा है कि चाल-चलन ठीक न होने की वजह से हो रही बदनामी से छुटकारा पाने की वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। मामले में आरोपी माता-पिता व भाई समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
दो दिन पहले बारा दशरथपुर निवासी कल्लो देवी ने मेजा थाने में बेटी सरिता(20) के अपहरण करने का आरोप लगाते हुए गांव के चार लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले में एक वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें गंगा कछार में तीन युवक सरिता से मारपीट करते दिख रहे थे। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की। पुलिस का दावा है कि इस दौरान चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। शक के आधार पर माता-पिता, भाई और दो अन्य लोगों को सिरसा के अमिलहवा से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो सच्चाई सामने आ गई। पुलिस का दावा है कि मां-बाप ने पूछताछ में बताया कि बेटी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद उन्होंने ही शव नदी में फेंक दिया। बताया कि बेटी का चाल-चलन ठीक नहीं था और इसके चलते उनकी बदनामी हो रही थी। कई बार समझाने के बाद भी उस पर कोई असर नहीं हुआ। यही वजह रही कि उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी मां कल्लो देवी, पिता कृष्ण चन्द्र निषाद, भाई विवेक और दिनेश तथा संगम लाल को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया।