गंदगी फेंकने से मना करने पर नर्सिंग होम के डॉक्टर और नर्स ने महिला को घर से खींच कर सड़क पर पिटाई कर दी। उधर से गुजर रही सपा महिला सभा जिलाध्यक्ष ने बचाने का प्रयास किया तो उनसे भी हाथापाई कर दी। पुलिस के पहुंचने पर विवाद शांत हुआ।
सपा महिला सभा जिलाध्यक्ष और पीड़ित महिला ने लोहिया में मेडिकल कराया है। हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। मसेनी तिराहे पर स्थित एक नर्सिंग होम के डॉक्टर, नर्स व अन्य कर्मचारी वहीं सामने बने गेस्ट हाउस के कमरों में किराए पर रहते हैं।
यहीं फौजी नेमीराम की पत्नी अनुराधा बच्चों के साथ रहती है। नर्सिंग होम के कर्मचारी आए दिन अनुराधा के दरवाजे के पास गंदगी फेंक देते हैं। इसका विरोध करने पर विवाद करते हैं। शनिवार रात अनुराधा के दरवाजे पर गंदगी डाल दी थी।
इसका उसने रविवार को विरोध किया। इससे गुस्साए डाक्ॅटर, नर्स व अन्य लोग अनुराधा को उसके कमरे से खींच कर सड़क पर लाए और उसकी पिटाई शुरू कर दी। तभी वहां से गुजर रही सपा महिला सभी की जिलाध्यक्ष सुलक्षणा सिंह ने पिट रही महिला को बचाने का प्रयास किया, तो उनके साथ भी हाथापाई कर दी गई।
इससे वह भी चुटहिल हो गईं। पुलिस के पहुंचने पर विवाद शांत हुआ। सुलक्षणा और घायल अनुराधा ने लोहिया में मेडिकल कराया। उसने हमलावर डाक्टर, नर्स व अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। अनुराधा ने बताया कि नर्सिंग होम के डॉक्टर व नर्स गेस्ट हाउस के एक कमरे में रात के समय आपरेशन करते हैं।
इसकी गंदगी उसके दरवाजे पर फेंक देते हैं। इसका विरोध करने पर मारपीट कर धमकी दी है। उसके पति फौज में बाहर नौकरी कर रहे है। कोतवाल रवि श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
डॉक्टर व नर्स ने महिला को घर से खींच कर पीटा
बचाने आई सपा महिला जिलाध्यक्ष से भी हाथापाई
दोनों लोगों ने कराया मेडिकल, रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी