कार की चपेट में आने
से दो बच्चों की मौत
चचेरे भाई थे दोनों, हादसा देख मां सदमे में
परिजनों ने नहीं कराया शवों का पोस्टमार्टम
जगतपुर (इलाहाबाद)। उतरांव के बलीपुर हाईवे ओवरब्रिज के पास सोमवार की सुबह सड़क पार करते समय दो बच्चे कार की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक बच्चे की मां के सामने ही यह हादसा हुआ, जिससे उनको गहरा सदमा लगा है। परिजनों ने दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम करने से इनकार किया तो पुलिस ने भी उनकी बात मान ली। कार चालक फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।
उतरांव के महुआकोठी गांव निवासी अच्छे मियां एलआइसी एजेंट हैं। रविवार को भदोही में अच्छे के एक रिश्तेदार के घर में शादी थी। उनकी पत्नी अपने दस साल के बेटे हुसैन और उसके चचेरे भाई आजम पुत्र नेगम को लेकर शादी में गई थीं। सोमवार की सुबह तीनों भदोही से बस से गांव के लिए चले। तीनों बलीपुर हाईवे पर उतरे। अच्छे की पत्नी के हाथों में झोला था। हुसैन और आजम दौड़ते हुए सड़क पार करने लगे। उसी समय तेज रफ्तार कार ने दोनों को कुचल दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। उधर कार चालक हादसे के बाद भाग निकला।
हुसैन की मां तो अपने बेटे की रक्तरंजित लाश देखकर बेहोश हो गई। आस पास के लोग जुटे तो घर वालों को सूचना दी। परिजन और गांव वाले तुरंत मौके पर पहुंच गए। हुसैन की मां को किसी तरह डॉक्टर के पास ले जाया गया। उन्हें गहरा सदमा लगा है। सूचना पर एसओ उतरांव नागेश सिंह मौके पर पहुंच गए । घर वाले दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने काफी समझाया बुझाया लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुए। एसओ ने उच्चाधिकारियों से बात कर पंचनामा के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया। दो बच्चों की मौत से पूरा गांव दुखी था। कई घरों में आज चूल्हे नहीं जले। एसओ नागेश सिंह ने बताया कि कार चालक की तलाश की जा रही है।
फोटो - उतरांव के महुआकोठी गांव में दो बच्चों की मौत पर रोते बिलखते परिजन, फोटो फाइल न.- 124, 125 पीएचएल