नाले मे मिली किशोर की लाश, सनसनी
-परिजन बोले नहीं ठीक रहती थी किशोर की दिमागी हालत
-पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद खुलेगा रहस्य, परिजनों में कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
शंकरगढ़। थाना क्षेत्र के कपारी गांव में सोमवार की सुबह एक किशोर की लाश नाले में पड़ी मिली। किशोर का शव देख इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चर्चा है कि किशोर की दिमागी हालत ठीक नहीं रहती थी। किशोर की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के कपारी गांव का किशन (17) पुत्र गोपाल दो दिन पहले घर से लापता हो गया था। दिमागी हालत ठीक नहीं होने के कारण परिवार के लोग भी सोचें की एक-दो दिन में वह खुद की घर आ जाएगा। सोमवार की सुबह कपारी गांव के समीप बने नाले में किशोर का शव देख सनसनी फैल गई। शव देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। औंधे मुंह पड़े किशोर की लाश को कोई भी सीधा करने की हिम्मत नहीं जुटा सका। आनन-फानन लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए मौजूद लोगों से किशोर के शव की पहचान कराई। उधर किशोर की लाश मिलने की खबर परिजनों को चली तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते घर वाले घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। उधर, किशोर की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।