आशुतोष के दो रिश्तेदारों समेत आठ को उठाया
पूछताछ के बाद पुलिस टीम को फिर लखनऊ भेजा गया, वहीं पर होने की आशंका
दूसरों के मोबाइल से किया था करीबियों से संपर्क
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। अच्युतानंद उर्फ सुमित शुक्ला की हत्या के मुख्य आरोपी आशुतोष त्रिपाठी के दो रिश्तेदारों समेत आठ करीबियों को उठाया गया है। उनसे लंबी पूछताछ के बाद पुलिस टीम को फिर लखनऊ भेजा गया है। आशुतोष समेत तीनों आरोपियों के वहीं होने की आशंका है। तीनों ही अपने मोबाइल का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। करीबियों से संपर्क के लिए उन लोगों ने दूसरों के नंबर प्रयोग किया था। इसी से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
छात्रसंघ चुनाव के समय अच्युतानंद पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। अच्युतानंद की 31 अक्तूबर की रात पीसीबी हॉस्टल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप सीएमपी छात्रसंघ अध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी व उसके साथियों हरिकेश मिश्र व सौरभ सिंह उर्फ प्रिंस पर लगा था और तीनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट हुई है। क्राइम ब्रांच समेत पांच टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं। एक टीम को सोमवार को फिर लखनऊ भेजा गया है। दरअसल रविवार को वाराणसी से खाली हाथ लौटने वाली पुलिस टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर आशुतोष के दो रिश्तेदारों समेत आठ करीबियों को पकड़ा था। उनसे लंबी पूछताछ के बाद पुलिस टीम को फिर लखनऊ भेजा गया है। सूत्रों के मुताबिक आशुतोष, हरिकेश और सौरभ अपने मोबाइल का प्रयोग नहीं कर रहे हैं, लेकिन करीबियों से दूसरे नंबरों से संपर्क में है। सभी नंबर लखनऊ के निकले हैं। इससे साफ है कि हत्या के बाद तीनों भागकर लखनऊ ही गए थे। अब उनकी लोकेशन कहां हैं, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के करीबियों के नंबर भी सर्विलांस पर लगाए हैं। इंस्पेक्टर कर्नलगंज सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि तीनों आरोपियों के रिश्तेदारों और करीबियों से पूछताछ हो रही है। कुछ बातें पता चली हैं। उस पर काम हो रहा है। तीनों के पैतृक घरों पर भी पुलिस ने निगाह बनाए हुए है।
छात्रों ने की एसएसपी से मुलाकात, पूछा कब होगी गिरफ्तारी
प्रयागराज। एसएसपी आफिस में सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र पहुंचे। उन्होंने एसएसपी से मुलाकात कर पूछा कि अच्युतानंद के आरोपियों की गिरफ्तारी कब होगी। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच समेत पांच टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी। एसएसपी आफिस में दिन में बड़ी संख्या में छात्र पहुंचे तो तुरंत इंस्पेक्टर कर्नलगंज सत्येंद्र तिवारी भी पहुंच गए। लड़कों ने कहा कि वे एसएसपी से मिलकर जल्द गिरफ्तारी की मांग करना चाहते हैं। छात्रों का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी के पास पहुंचा और बताया कि गिरफ्तारी में जितनी देर हो रही है, लड़कों में आक्रोश बढ़ रहा है। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि टीमें लगी हैं। जल्द ही गिरफ्तारी होगी।