सरकार शहर में, पुलिस सड़क पर
0 लखनऊ से अफसरों को निर्देश, रात में कोई घटना हुई तो खैर नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री शुक्रवार की रात शहर में हैं। लखनऊ से साफ निर्देश आया है कि रात में कोई घटना हुई तो स्थानीय अधिकारियों की खैर नहीं। निर्देश के बाद सारे थानेदारों को सुरक्षा ड्यूटी से मुक्त कर थानों पर भेज दिया गया। उन्हें फोर्स के साथ रात भर गश्त करने को कहा गया है।
इससे पहले दिन में तमाम थानेदारों और दरोगाओं को वीआईपी ड्यूटी में लगाया गया था। शाम को लखनऊ से निर्देश आया कि शुक्रवार रात छोटी घटना को भी विरोधी बड़ा बनाकर पेश कर सकते हैं। राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के शहर में होने से कोई भी घटना राष्ट्रीय स्वरूप ले लेगी। इस कारण अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। शहर में सर्किट हाउस, हाईकोर्ट और संगम के पास आरएएफ तैनात कर दी गई है। इसके अलावा आरएएफ को कुछ थानों की फोर्स के साथ भी तैनात किया गया है। थानेदारों से रात भर गश्त करने को कहा गया है। कंट्रोल रूम को हिदायत दी गई है कि वे छोटी से छोटी घटना को संज्ञान में लेते हुए त्वरित कार्रवाई करें। शहर ही नहीं आस पास के थानों को भी एसओ को गश्त के निर्देश दिए गए हैं।