बस में लगी आग, खतरे में थी यात्रियों की जान
-संगम चौकी के पास घटना, पुलिसवालों ने बुझाई आग
-मची भगदड़, फुटपाथ की दुकानें बंदकर भागे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। संगम चौकी के निकट बृहस्पतिवार दोपहर तीर्थयात्रियों से भरी बस में अचानक धुआं और आग से खलबली मच गई। घने धुएं से घबराकर स्थानीय दुकानदार भागने लगे। यूपी 100 की पुलिस ने आकर बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने के साथ ही इंजन में भड़की आग भी बुझाई। इस घटना से बस सवार यात्री बेहद सहमे थे। बच्चों समेत महिलाएं तो रोने लगीं थीं। आग से इंजन में आई खराबी नहीं सही हो पाने की वजह से बस देर रात तक चौकी के पास ही खड़ी रही।
करीब 50 से ज्यादा यात्रियों को लेकर यह बस सुबह संगम पर पहुंची थी। सभी ने संगम स्नान और मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे तीर्थयात्री बस में बैठकर वहां से रवाना हो गए। बांध की चढ़ाई पारकर बस संगम चौकी के आगे पहुंची तभी अचानक उसके बोनट से घना धुआं निकलने लगा। लपटें भी उठने लगीं। बस में भी धुआं भरने से यात्री घबरा गए। कुछ दिखाई नहीं दे रहा था इसलिए बाहर निकलने में मुश्किल हो रही थी। धुएं से घिरी बस देख आसपास मौजूद लोग भागने लगे। सड़क पटरी स्थित दुकानों को भी छोड़कर महिलाएं-पुरूष दूर भाग गए। इसी बीच खबर पाकर यूपी 100 टीम की पीआरवी में हेडकांस्टेबल अनिल मिश्र भी सिपाही मनीष सिंह के साथ आ गए। उन्होंने सबसे पहले बस में फंसे यात्रियों को फौरन बाहर निकाला। फिर बस ड्राइवर से आग लगने की वजह जानकर उस पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। कुछ देर में पुलिसवालों ने ही ड्राइवर के साथ मिलकर इंजन में आग बुझा ली वरना बड़ा हादसा हो सकता था।