नौकरी दिलाने के नाम पर रेप की कोशिश, एफआईआर
0 जन शिकायत प्रकोष्ठ की जांच के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
हंडिया (इलाहाबाद)। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवक और उसके साथी ने एक युवती के साथ रेप का प्रयास किया। युवती के चीखने पर लोग इकट्ठा हो गए तो आरोपी भाग निकले। मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो युवती ने जन शिकायत प्रकोष्ठ में शिकायत की। जांच के बाद शुक्रवार को आरोपी युवक और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
हंडिया क्षेत्र की रहने वाली युवती के घर भदोही के गोपीगंज इलाके के रहने वाले युवक का आना जाना था। उसने खुद को सरकारी कर्मचारी बताया था। घरवालों को विश्वास में लेकर उसने कहा था कि वह युवती की भी नौकरी लगवा देगा। आरोप है कि 25 सितंबर 2017 को वह युवती को लेकर गोपीगंज गया और उसे एक कमरे में ठहराकर कहा कि सुबह इंटरव्यू है। रात में युवक अपने एक साथी को लेकर युवती के कमरे में पहुंच गया। वहां कुछ देर बात करने के बाद वह छेड़खानी करने लगा। युवती ने धमकी दी कि अगर उसने कुछ गलत करने की कोशिश की तो वह चिल्लाकर सबको इकट्ठा कर देगी, लेकिन दोनों नहीं माने। उन लोगों ने युवती का कपड़ा फाड़ने का भी प्रयास किया। इस बीच युवती बेतहाशा चीखने लगी तो आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। आरोपी और उसका साथी दोनों वहां से भाग निकले। युवती घर पहुंची और पूरी बात बताई। घरवाले थाने गए, लेकिन घटनास्थल दूसरी जगह का बताकर उन्हें टरका दिया। युवती और उसके परिवार वालों ने एसएसपी के जन शिकायत प्रकोष्ठ में शिकायत की। जांच के बाद शुक्रवार को गोपीगंज के मनीष श्रीवास्तव और उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।