सरेआम गुंडई करने वाले चिह्नित, घर छोड़कर फरार
सिविल लाइंस में ढाबे के वेटर पर किया था हमला
भाजपा नेता व रेस्टोरेंट चालक भी थे वारदात में शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। सिविल लाइंस स्थित ढाबे के बाहर सरेआम गुंडई के मामले में शामिल आरोपियों को चिह्नित कर लिया गया है। इसमें भाजपा नेता व रेस्टोरेंट संचालक भी शामिल हैं। रविवार को पुलिस ने उनकी तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी। हालांकि वह फरार मिले। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
सिविल लाइंस में पीडी टंडन रोड पर स्थित राजपूत ढाबे में 18 जनवरी को आधी रात पहुंचे हमलावरों ने जमकर गुंडई की थी। वेटर अमरजीत पर बेलचा व हथौड़े से तब तक वार किया था जब तक कि वह अधमरा नहीं हो गया था। ढाबा मालिक राजशेखर की तहरीर पर 8-10 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद चौकी प्रभारी अरविंद कुमार ने वादी से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिह्नित कर लिया। सूत्रों की मानें तो हमलावरों ने राजापुर निवासी रेस्टोरेंट संचालक के अलावा एक भाजपा नेता भी शामिल था। यह दोनों राजापुर मोहल्ले के रहने वाले हैं। इसके अलावा वारदात मेें शामिल बेली गांव निवासी एक युवक व सीएमपी के छात्रनेता समेत तीन अन्य लोगों को भी चिह्नित कर लिया गया है। राजापुर निवासी दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई लेकिन वह फरार मिले। उधर एक आरोपी की तलाश में टीम सुल्तानपुर भी भेजी गई है। चौकी प्रभारी ने फोर्स लेकर रात में भी हमलावरों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। सिविल लाइंस पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।