अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। पुलिस थाना भुंतर के तहत आने वाले बजौरा में पुलिस ने एक किलो 900 ग्राम चरस के साथ एक व्यक्ति को दबोचा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस का एक दल बजौरा के समीप भिंडीबाई में नाका लगाकर बैठा हुआ था। नाके के दौरान एक जीप को तलाशी के लिए रोका गया। पुलिस की टीम ने जब तलाशी ली तो वाहन में एक किलो 900 ग्राम चरस बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने चालक चेत राम निवासी ग्रामंग जिला कुुल्लू को गिरफ्तार किया और चरस को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने बजौरा में एक व्यक्ति को 1.900 किलो ग्राम चरस के साथ पकड़ा है। पुलिस ने जीप को भी कब्जे में लिया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ माला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है कि उसने चरस की यह खेप कहां से लाई थी और कहां लेकर जा रहा था। पुलिस नशे का कारोबार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगी। गौर रहे कि पिछले तीन दिनों में ही पुलिस ने दस किलो से अधिक चरस की खेप बरामद की है। लगातार पुलिस की लगातार सख्ती के बावजूद कुल्लू में चरस का कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है।