मेजा के पट्टीनाथराय गांव से अपहृत पांच साल के बच्चे की हत्या कर दी गई। शव रविवार दोपहर एक तालाब के किनारे झाड़ी में पड़ा मिला। शव मिलते ही मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। बेटे की लाश देख परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चीरघर भेज दिया। हालांकि, इस घटना को किसने अंजाम दिया इसका पता लगाने में पुलिस पूरी तरह से नाकामयाब है। पुलिस के प्रति लोगों में रोष है।
पट्टीनाथराय गांव के चंदन भारतीया का बेटा सिद्धार्थ (5) घर के आंगन से शुक्रवार आधी रात के बाद लापता हो गया था। उस वक्त पड़ोस में एक आगजनी की घटना भी हुई थी, जिसे बुझाने के लिए चंदन के अलावा उसके घर के सारे लोग वहीं गए थे। वहां से लौटे तो आंगन में सो रहा सिद्धार्थ गायब था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी।
इसी बीच रविवार दोपहर में चंदन के घर से कुछ दूरी पर ही एक तालाब की झाड़ी में सिद्धार्थ का शव मिला तो हड़कंप मच गया। आरोप है कि सिद्धार्थ की हत्या कर उसकी लाश को तालाब की झाड़ी में फेंक दिया गया है।
मेजा थाने के एसआई इंद्रजीत यादव ने बताया कि पीएम के लिए लाश को चीरघर भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर हत्या की वजह स्पष्ट हो पाएगी। एसपी यमुनापार चक्रेश मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। घरवालों से पूछा गया है उन्हें किस पर शक तो नहीं है। पुलिस जांच में जुटी है।