प्रयागराज। कीडगंज के पुराना बैरहना मोहल्ले में रहने वाले रेलवे के ठेकेदार अजय बंसल को फोन कर धमकी दी गई। फोन करने वाले ने पहले खुद को रेलवे बोर्ड का मेंबर बताया। फिर उनसे रुपये मांगे। बंसल को शक हुआ तो उन्होंने पूछताछ शुरू की। उसके बाद फोन करने वाले शख्स ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। कीडगंज में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस इसे ठेकेदारी से जुड़े विवाद से जोड़कर देख रही है।
अजय बंसल रेलवे में ठेकेदारी करते हैं। जुलाई की रात 11 बजे के बाद उनके मोबाइल पर फोन आया। उसने खुद को रेलवे बोर्ड का मेंबर बताया तो अजय बंसल को शक होने लगा। जब उसने रुपश्े मांगे तब अजय का शक यकीन में बदल गया। उन्होंने पूछताछ करनी शुरू की तो उसने फोन काट दिया फिर दोबारा फोन किया। कहा, पूछताछ करोगे तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। फिर उसने कई मामलों को लेकर धमकाया। अजय बंसल ने 7 जुलाई को थाने में तहरीर दी। जांच के बाद एफआईआर कर ली गई। इंस्पेक्टर कीडगंज शिशुपाल शर्मा ने बताया हो सकता है कि ठेकेदारी के विवाद में फोन किया गया हो। नंबर मिल गया है, पता लगाया जा रहा है। जल्द ही फोन करने वाले के बारे में जानकारी मिल जाएगी।