फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिपाही की अभद्रता पर भड़के कांवड़िये, शाही मिर्जापुर मार्ग पर लगाया जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
शाही। कांवड़ियों की ट्राली शाही-मिर्जापुर मार्ग से न निकलने देने और सिपाही की अभद्रता से भड़के कांवड़ियों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे करीब दो घंटे तक मार्ग अवरुद्ध रहा। बाद में काफी मान मनौव्वल के बाद कांवड़ियों का जत्था इसी मार्ग से शाही की ओर रवाना हुआ।
विज्ञापन

थाना शेरगढ़ के गांव मोहद्दीनपुर के 70 कांवड़ियों का जत्था महंत दिनेश सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार से जल भरकर शनिवार दोपहर करीब तीन बजे धनेटा फाटक होते हुए मिर्जापुर चौराहे पर पहुंचा था। यहां सिपाही विनय कुमार यादव पिकेट के साथ ड्यूटी पर थे। जत्थे में दो ट्रैक्टर ट्रॉली के अलावा विशाल कांवड़ थी, जिसमें भगवान शिव की मूर्ति के अलावा गंगाजल रखा था। जत्था जैसे ही मिर्जापुर चौराहे से शाही की ओर मुड़ा तो पुलिस पिकेट ने नदी के कारण रास्ता बंद होने का हवाला देकर दुनका होते हुए जाने को कहा। कांवड़ियों का कहना था कि परंपरा के अनुसार गंगाजल रखी हुई कांवड़ वापस नहीं होती है। ऐसा था तो उन्हें मुड़ने से पहले बताना चाहिए था। इसके बाद वह इसी रास्ते जाने की जिद पर अड़ गए। आरोप है कि इसी बीच सिपाही विनय कुमार यादव ने कांवड़ियों से अपशब्द कह दिए, जिस पर वे भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया। अन्य सिपाहियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। सूचना पर एसओ अरविंद सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मान मनौव्वल करके कांवड़ियों को मनाया। अभद्रता कर रहे सिपाही को तुरंत थाने भेज दिया। इस दौरान तहसील से आरआई यशवीर सिंह भी पहुंच गए। हालांकि इस बीच कांवड़िये सिपाही पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। जब एसओ ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया तो करीब दो घंटे बाद वह कांवड़ लेकर शाही मिर्जापुर मार्ग से आगे बढ़ने को तैयार हुए। जबकि ट्रैक्टर ट्रॉली दुनका के रास्ते शाही पहुंची। इस दौरान सिद्घ बाबा मंदिर पहुंचने तक एसओ पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।

नदी से रास्ता कट गया है, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ही किसी अनहोनी से बचने के लिए ट्रॉली को इस रास्ते से ले जाने को मना किया था। किसी के साथ गालीगलौज करने की बात गलत है। - विनय कुमार यादव, कांस्टेबल, थाना शाही
विज्ञापन

किसी से भी अभद्रता करना गलत है। मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर सिपाही पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। - अरविंद सिंह चौहान, एसओ शाही
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें